बंगाल में पूजा कमेटी के कब्जे को लेकर मारपीट, भाजपा कार्यकर्ता की मौत
दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में दुर्गापूजा कमेटी के नियंत्रण को लेकर हुए विवाद में भाजपा कार्यकर्ता बापी प्रामाणिक की मौत हो गई।

बंगाल में पूजा कमेटी के कब्जे को लेकर मारपीट में भाजपा कार्यकर्ता की मौत। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
दुर्गापूजा कमेटी के नियंत्रण को लेकर दो गुटों में मारपीट।
भाजपा कार्यकर्ता बापी प्रामाणिक की मारपीट में मौत हुई।
परिवार ने निलंबित भाजपा नेता सुजन मंडल पर हत्या का आरोप।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में दुर्गापूजा कमेटी के नियंत्रण को लेकर दो गुटों के बीच हुई मारपीट में भाजपा कार्यकर्ता बापी प्रामाणिक (45) की मौत हो गई। परिवार ने स्थानीय निलंबित भाजपा नेता सुजन मंडल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
स्वजन का आरोप है कि सुजन की साजिश के तहत तृणमूल समर्थित बदमाशों ने बापी को घर से बुलाकर उसकी हत्या की। हालांकि, भाजपा नेतृत्व का कहना है कि सुजन मंडल को पार्टी ने कुछ दिन पहले ही निलंबित कर दिया था। घटना रविवार रात हरदह ग्राम पंचायत के उत्तर टांगेरबेरिया इलाके की है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दुर्गापूजा कमेटी का नियंत्रण किस गुट के हाथ में रहेगा, इसे लेकर दो पक्षों में पहले कहासुनी हुई। बाद में विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान बापी गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भाजपा राज्य समिति के सदस्य और पूर्व जिला अध्यक्ष उत्तम कर ने हत्या के पीछे तृणमूल समर्थित बदमाशों का हाथ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस भाजपा नेता पर आरोप लगाया जा रहा है, उसे पार्टी पहले ही निलंबित कर चुकी है।