कोलकाता, एएनआई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पश्चिम बंगाल के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को डर है कि वह लोगों का समर्थन खो देंगी।
दिसंबर 2022 के कंबल वितरण कार्यक्रम का जिक्र
सुकांत मजूमदार ने दिसंबर 2022 में कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ में तीन लोगों की मौत का जिक्र करते हुए कहा, "तीन लोगों की मौत हो गई और जो परिवार कंबल लेने आया था, वह अचानक अमीर हो गया। वे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में वकीलों को नियुक्त कर रहे हैं। यह एक राजनीतिक साजिश है। ममता बनर्जी डरी हुई हैं कि वह लोगों का समर्थन खो देंगी।"
''बंगाल पुलिस को उत्तर प्रदेश जाना चाहिए''
मजूमदार ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस को उत्तर प्रदेश का दौरा करना चाहिए और सीखना चाहिए कि वे वहां कैसे काम करते हैं। उन्होंने एएनआई से बात करते हुए कहा, "यह एक राजनीतिक स्टंट है। ममता बनर्जी की पुलिस, जिसने शिक्षकों की नौकरी बेची और करोड़ों रुपये एकत्र किए, इस घोटाले के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। बंगाल पुलिस को उत्तर प्रदेश जाना चाहिए और उनका राज्य देखना चाहिए।"
भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी गिरफ्तार
भगदड़ की घटना के सिलसिले में पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी को गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद उनकी यह टिप्पणी आई है। आसनसोल के पूर्व मेयर तिवारी को शनिवार को आसनसोल दुर्गापुर कमिश्नरेट के अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे से गिरफ्तार किया था।
बिना पुलिस की अनुमति के कार्यक्रम का किया गया था आयोजन
14 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के आसनसोल जिले में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के कंबल वितरण समारोह के दौरान भगदड़ मच गई थी। जिला पुलिस के अनुसार, बिना पुलिस की अनुमति के वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसके दौरान भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने कहा था, "इसमें तीन लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।"