हावड़ा निकाय चुनाव में तृणमूल के खिलाफ वार्डवार आरोपपत्र जारी करेगी BJP
भाजपा दुर्गापूजा के बाद संभावित निकाय चुनावों के लिए तैयारी में जुट गई है, जिसमें तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ वार्डवार आरोपपत्र जारी करने की रणनीति बनाई जा रही है।

TMC के खिलाफ आरोपपत्र जारी करेगी भाजपा (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
भाजपा निकाय चुनाव में तृणमूल के खिलाफ आरोपपत्र जारी करेगी।
स्थानीय समस्याओं, भ्रष्टाचार को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
पेयजल, परिवहन सुधार का संकल्प-पत्र में वादा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में दुर्गापूजा के बाद विभिन्न निकायों में चुनाव होने की संभावना के बीच भाजपा ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। विधानसभा चुनाव की तर्ज पर अब निकाय चुनाव में भी तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ वार्डवार आरोपपत्र जारी करने की रणनीति बनाई जा रही है।
इसमें स्थानीय समस्याओं, नागरिक सेवाओं की बदहाली और कथित भ्रष्टाचार को प्रमुखता से उठाया जाएगा। हावड़ा में आयोजित भाजपा की चुनावी तैयारी बैठक में इस रणनीति के साथ पार्टी के संकल्प-पत्र पर भी चर्चा हुई।
भाजपा की हावड़ा इकाई की बैठक में निकाय चुनाव के प्रभारी राज्यसभा सदस्य राहुल सिन्हा और सह-प्रभारी विधायक संजय सिंह मौजूद थे।
राहुल सिन्हा के अनुसार, बैठक में संकल्प-पत्र तैयार करने और प्रत्येक वार्ड में आरोपपत्र जारी करने पर चर्चा हुई। बूथ समितियां गठित कर ली गई हैं, जबकि पूजा के बाद बाकी उपसमितियां गठित करने की योजना है।
हावड़ा नगर निकाय बोर्ड का कार्यकाल 2018 में समाप्त हो गया था, लेकिन अब तक वहां चुनाव नहीं हुए हैं। स्थानीय लोगों की शिकायतों में नागरिक सुविधाओं की बदहाली, अवैध बहुमंजिली इमारतों का निर्माण और जलाशयों को भरने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
भाजपा की योजना वार्डवार आरोपपत्र में इन समस्याओं के साथ तृणमूल नेताओं पर लगे कथित अनियमितताओं के आरोपों को भी शामिल करने की है।
पेयजल, निकासी और परिवहन पर वादों की तैयारी
भाजपा के संकल्प-पत्र में पेयजल और जलनिकासी की समस्याओं को प्राथमिकता देने पर विचार किया गया है। पार्टी की ओर से वादा किया जा सकता है कि उसका निकाय बोर्ड बनने पर प्रत्येक घर तक परिष्कृत पेयजल पहुंचाया जाएगा।
लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रहे नालों की स्थिति सुधारने, भवनों के नक्शे की मंजूरी के लिए एकल खिड़की व्यवस्था लागू करने और अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई जैसे मुद्दे भी संकल्प-पत्र में शामिल किए जा सकते हैं।
परिवहन व्यवस्था के आधुनिकीकरण के तहत हावड़ा, शालीमार और सांतरागाछी स्टेशनों के अलावा हावड़ा मैदान मेट्रो स्टेशन के आसपास बस टर्मिनस बनाने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है।
इसके साथ हावड़ा मैदान मेट्रो का सांतरागाछी, रामराजातला और बाली तक विस्तार करने तथा बाली से बोटैनिकल गार्डन तक संपर्क बढ़ाने की दिशा में रेल मंत्रालय से बातचीत शुरू करने का वादा भी किया जा सकता है।
चुनाव से पहले जनसंपर्क बढ़ाने के लिए भाजपा दुर्गापूजा सहित अन्य त्योहारों का इस्तेमाल करने की तैयारी में है। पार्टी की बैठक में राष्ट्रवादी विचारधारा वाली पुस्तक दुकानों की संख्या बढ़ाने तथा अधिक भीड़ जुटने वाले स्थानों पर लोगों के बैठने और पेयजल की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
