बंगाल की सभी 294 विधानसभा सीटों पर जनसंवाद करेगी भाजपा, SIR पर विपक्ष के आरोपों का देगी जवाब
भाजपा बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) पर विपक्ष के 'वोट चोरी' के आरोपों का जवाब देने के लिए नई रणनीति अपना रही है।

एसआईआर पर भाजपा का बंगाल में जनसंवाद अभियान
HighLights
भाजपा बंगाल में एसआइआर पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देगी।
सभी 294 विधानसभा सीटों पर प्रबुद्ध लोगों से सीधा संवाद होगा।
जनता की राय और सुझाव केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाएंगे।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर विपक्ष के 'वोट चोरी' के आरोपों और विरोध अभियान का जवाब देने के लिए भाजपा ने नई रणनीति तैयार की है। इसके तहत पार्टी राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर समाज के प्रबुद्ध और प्रभावशाली लोगों से सीधा संवाद करेगी।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 200 प्रमुख लोगों के घर जाकर भाजपा नेता और कार्यकर्ता उनसे मुलाकात करेंगे। इनमें श्रमिक, किसान, वकील, शिक्षक और चिकित्सक समेत विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान चार पन्नों की पुस्तिका के माध्यम से एसआईआर को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया जाएगा।
साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था और देश की राजनीतिक परिस्थितियों पर लोगों की राय भी ली जाएगी।
भाजपा ने हाल में ‘गणतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के जरिये विपक्ष के विरोध-प्रदर्शनों का जवाब देने की कोशिश की थी। अब इसी अभियान के दूसरे चरण में विधानसभा स्तर पर जनसंपर्क कार्यक्रम चलाया जाएगा।
पार्टी नेताओं के अनुसार, विभिन्न वर्गों के प्रमुख लोगों से बातचीत के दौरान उनके विचार और सुझाव दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद तैयार रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी।