ईडेन गार्डंस को क्वारंटाइन सेंटर बनाएगी कोलकाता पुलिस, अमित मालवीय ने कसा तंज
कोलकाता पुलिस ने कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए अपने जवानों के लिए क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाने को सीएबी से ईडन गार्डंस के कुछ हिस्सों को तत्काल देने की मांग की है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : अब कोलकाता के ईडेन गार्डंस को भी कोविड-19 के खिलाफ जंग में इस्तेमाल किया जाएगा। कोलकाता पुलिस के लिए इस स्टेडियम को क्वारंटाइन सेंटर में बदला जाएगा। कोलकाता पुलिस ने क्वारंटाइन की सुविधा मुहैया कराने के लिए बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) से मदद मांगी है।इधर भाजपा ने कहा हैै कि ममता सरकार इस महामारी पर काबू पानेेे में विफल रही है जिसके कारण यह नौबत आई है।
कोलकाता पुलिस ने बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अभिषेक डालमिया को चिट्ठी लिखकर स्टेडियम में अस्थायी क्वारंटाइन सेंटर बनाने के लिए 5 ब्लॉक्स के इस्तेमाल की इजाजत मांगी है। स्पेशल कमिनश्नर जावेद शमीम और कैब के अधिकारियों के बीच एक आपात बैठक हुई। इसके बाद ईडेन गार्डंस का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान कैब के अध्यक्ष अभिषेक डालमिया और सचिव स्नेहाशीष गांगुली शामिल मौजूद थे। क्वारंटाइन सेंटर तैयार करने के लिए ईडेन गार्डंस के ई, एफ, जी और एच ब्लॉक्स के नीचे की जगह का इस्तेमाल होगा। अगर और ज्यादा जगह की जरूरत पड़ी, तो ब्लॉक जे का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। ग्राउंड्समैन और दूसरे कर्मचारियों को स्टेडियम के अंदर बी, के, और एल ब्लॉक में डॉर्मिटरी और अन्य सुरक्षित जगहों पर स्थानांतरित किया जाएगा। अब तक कोलकाता पुलिस के 500 से भी ज्यादा जवान कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं। अभिषेक डालमिया ने कहा कि मुश्किल की इस घड़ी में प्रशासन की मदद और समर्थन करना हमारा फर्ज है।
ईडन गार्डंस में क्वारंटाइन सेंटर बनाने को लेकर भाजपा ने ममता पर साधा निशाना
-कोलकाता पुलिस ने कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए अपने जवानों के लिए क्वारंटाइन सेंटर बनाने को सीएबी से ईडन गार्डंस के कुछ हिस्सों को तत्काल देने की मांग की है। इस कदम के बाद भाजपा आइटी सेल के हेड अमित मालवीय ने ममता सरकार पर शनिवार को निशाना साधा। उन्होंने ट्विट कर कहा कि अगर ममता बनर्जी पुलिस कर्मियों को ट्रांसफर करने की बजाय तुरंत उनकी चिंताओं व समस्याओं का समाधान पर ध्यान दी होती तो आज वे ना तो बगावत करते और ना ही यह नौबत आती। गौरतलब है कि क्वारंटाइन सेंटर को लेकर पिछले दिनों कोलकाता पुलिस के जवानों ने कई जगहों पर बवाल किया था। इसको लेकर तोड़फोड़ व हिंसा की भी घटना देखने को मिली थी। इसके बाद राज्य सरकार ने कई पुलिसकर्मियों व अधिकारियों का तबादला कर दिया था। इसी घटना को केंद्र कर भाजपा आइटी सेल के हेड अमित मालवीय ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है।