दिलीप घोष ने कहा- तृणमूल कांग्रेस से अब लोगों का मोहभंग हो चुका है, अगले साल यहां भाजपा की सरकार बनेगी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि पार्टी पूरी तैयारी व जोर शोर के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। घोष ने यह भी कहा कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सहित अन्य दलों के कई नेता हमारे संपर्क में हैं।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने एक बार फिर मुख्यमंत्री व तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी पर रविवार को निशाना साधा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कालीघाट के एक ठिकाने पर 23 कंपनियों के पते हैंं। उन्होंने नाम लिए बिना कोयला और गो तस्करोंं से कमाई करने का आऱोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पिटाई के बदले पीटा जा सकता है। अब सफलता करीब है और 5/6 महीने। यहां पार्टी नहीं चल रही प्रोपर्टी चल रही है। सभी जगह से कट मनी लिया जा रहा है। कोयला हो या फिर आलू।
बंगाल में पूरी तैयारी व जोर शोर के साथ चुनाव में उतरेगी भाजपा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि पार्टी पूरी तैयारी व जोर शोर के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। घोष ने यह भी कहा कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सहित अन्य दलों के कई नेता हमारे संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के 10 वर्षों के कुशासन से अब लोगों का मोहभंग हो चुका है। बंगाल की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है और अगले साल यहां भाजपा की सरकार बनेगी।
-माकपा नेता अपने 1,000 समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल
वहीं, राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव से पहले रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में दक्षिण 24 परगना के सतगछिया से वरिष्ठ माकपा नेता अग्निसार नस्कर अपने करीब 1,000 समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने उन्हें पार्टी का झंडा देकर भाजपा परिवार में स्वागत किया। इस मौके पर कोलकाता पुलिस के स्पेशल ब्रांच में अधिकारी रहे अवकाशप्राप्त चित्त रंजन सरकार ने भी भाजपा का दामन थाम लिया।