नितिन नवीन कोलकाता में करेंगे पदयात्रा, विपक्ष के SIR विरोध और निकाय चुनाव पर रणनीति
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को कोलकाता में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।

नितिन नवीन कोलकाता में करेंगे पदयात्रा (फोटो- ANI)
HighLights
नितिन नवीन कोलकाता में 'लोकतंत्र बचाओ' पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।
विपक्ष के SIR विरोधी आंदोलन और 'वोट चोरी' का जवाब।
निकाय चुनाव की रणनीति पर भी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में आगामी नगर निकाय चुनाव से पहले भाजपा ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को कोलकाता पहुंचेंगे।
नवीन इस दौरे में एसआईआर के विरोध में आंदोलन कर रहे विपक्षी दलों को जवाब देने के लिए यहां कालेज स्ट्रीट से धर्मतल्ला तक सोमवार को प्रस्तावित कई किलोमीटर लंबी पदयात्रा का नेतृत्व करने के साथ निकाय चुनाव की रणनीति तैयार करेंगे। भाजपा ने इस अभियान को 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' नाम दिया है।
पदयात्रा के बाद वह एक सभा को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए भाजपा विपक्ष के एसआईआर विरोधी आंदोलन और 'वोट चोरी' के आरोपों के जवाब में अपनी बात जनता तक पहुंचाने की तैयारी में है।
प्रस्तावित पदयात्रा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। भाजपा की ओर से यह पदयात्रा ऐसे समय में आयोजित किया जा रहा है, जब रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन की मेगा रैली हुई।
विपक्ष की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और एसआईआर के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। भाजपा का आरोप है कि विपक्ष चुनावी प्रक्रिया और 'वोट चोरी' के मुद्दे को लेकर भ्रम फैलाने के साथ निर्वाचित सरकारों को अस्थिर करने का प्रयास कर रहा है।
नगर निगम चुनावों पर भी होगी चर्चा
नितिन नवीन के दौरे का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारी की समीक्षा व रणनीति तैयार करना है। कोलकाता और हावड़ा नगर निगम चुनाव को लेकर वह प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल के साथ वह कई दौर की बैठक करेंगे।
इन बैठकों में संगठन की स्थिति, वार्ड स्तर पर तैयारियों और संभावित उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा होने की संभावना है। बतो दें कि इससे पहले सितंबर के अंतिम सप्ताह में भी नवीन दो दिवसीय दौरे पर बंगाल आए थे। उस दौरान भी उन्होंने प्रदेश नेताओं के साथ निकाय चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की थी। दोनों नगर निगम के चुनाव इस साल दिसंबर में होने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।