भाजपा विधायक चंदना बाउरी के विवाहेतर संबंध के मामले ने पकडा़ तूल, चंदना का आरोपों से इन्कार, कहा-वायरल तस्वीर फर्जी
भाजपा विधायक चंदना बाउरी के कथित तौर पर विवाहेतर संबंध और दूसरी शादी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। चंदना साल्तोडा़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली सुदूर गांव की इस महिला को भाजपा ने चुनावी मैदान में उतारा था।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : भाजपा विधायक चंदना बाउरी के कथित तौर पर विवाहेतर संबंध और दूसरी शादी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। चंदना साल्तोडा़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली सुदूर गांव की इस महिला को भाजपा ने चुनावी मैदान में उतारा था। चंदना के मजदूर से विधायक बनने की कहानी मीडिया में छा गई थी। अब विवाहेतर संबंध और शादी को लेकर वे चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर अटकलें हैं कि पति और तीन बच्चों को छोड़कर, चंदना ने पार्टी कार्यकर्ता और उनकी कार के चालक कृष्ण कुंडू से शादी कर ली है। कृष्ण कुंडू के साथ विधायक की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कृष्ण को बुधवार रात थाने में बुलाया गया था। वहां चंदना भी पहुंची थी। उन्होंने कथित तौर पर थाना प्रभारी को बताया था कि कृष्ण के साथ उनकी शादी हो गई है और उन दोनों को सुरक्षा प्रदान करनी होगी।
दूसरी तरफ चंदना ने कहा कि यह सब उन्हें बदनाम करने के लिए किया जा रहा है। पति के साथ उनका पारिवारिक विवाद चल रहा है, जिसके लिए वह रात में थाने गई थी। गुरुवार सुबह वह घर लौटी हैं। दूसरी शादी अथवा विवाहेतर संबंधों के बारे में जो कहा जा रहा है, वह महज दुष्प्रचार है। विधायक ने यह भी दावा किया कि वायरल हुई तस्वीर फर्जी है।
वहीं कृष्ण कुंडू की पत्नी रंपा कुंडू ने अपने पति व विधायक चंदना के खिलाफ गंगाजलघाटी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। लिखित शिकायत में उन्होंने कहा कि दोनों ने अवैध रूप से शादी की है।। गंगाजलघाटी पुलिस ने आरोपों के आधार पर मामला दर्ज किया है।