विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के आरोप में भाजपा नेता का ड्राइवर गिरफ्तार, दो 9 एमएम पिस्तौल बरामद

Published: Sun, 01 Nov 2026 11:23 PM (IST)

उत्तर 24 परगना में भाजपा नेता के कार चालक अभिजीत भट्टाचार्य को अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के आरोप में भाजपा नेता का ड्राइवर गिरफ्तार।

अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के आरोप में भाजपा नेता का ड्राइवर गिरफ्तार।

HighLights

  1. भाजपा नेता का ड्राइवर अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार।

  2. पुलिस ने दो 9 एमएम पिस्तौल बरामद कीं।

  3. आरोपी को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। उत्तर 24 परगना जिले में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के आरोप में रहड़ा थाना पुलिस ने भाजपा नेता के कार चालक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अभिजीत भट्टाचार्य के रूप में हुई है। वह भाजपा के बैरकपुर सांगठनिक जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष विशाल जायसवाल का कार चालक बताया जा रहा है।

पुलिस ने उसके कब्जे से दो 9 एमएम पिस्तौल बरामद की हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे बैरकपुर अदालत में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना खड़दह के करातकल इलाके की है, जो कल्याणी एक्सप्रेसवे से सटा हुआ है। इलाके में आग्नेयास्त्रों की खरीद-बिक्री होने की गुप्त सूचना मिलने के बाद रहड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसके तहत पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में पहले से ही घटनास्थल के आसपास तैनात हो गए। इसी दौरान अभिजीत भट्टाचार्य मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा।

पहले से निगरानी कर रही पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से दो 9 एमएम पिस्तौल बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और हथियारों को जब्त कर थाने ले गई।

हथियारों के स्रोत और नेटवर्क की जांच

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित को बैरकपुर अदालत में पेश किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उससे पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की। अदालत ने आरोपित को सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित के पास बरामद पिस्तौल कहां से आई थीं और उनकी खरीद-बिक्री किन लोगों के बीच होनी थी। साथ ही, इस कथित हथियार तस्करी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। विशाल जायसवाल के कार चालक होने के अलावा भाजपा नेता या संगठन के किसी अन्य पदाधिकारी की इस मामले में भूमिका है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।