मुख्यमंत्री का नाम लेकर छह करोड़ की वसूली का आरोप, भाजपा नेता गिरफ्तार; CM शुभेंदु के निर्देश पर कार्रवाई
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का नाम लेकर कथित तौर पर 6 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप ...और पढ़ें

CM शुभेंदु के निर्देश पर कार्रवाई।
HighLights
भाजपा नेता अभिजीत करण 6 करोड़ की ठगी में गिरफ्तार।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का नाम लेकर वसूली का आरोप।
सरकारी नौकरी और चुनाव टिकट दिलाने का प्रलोभन दिया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के करीब छह महीने बाद सत्तारूढ़ भाजपा के भीतर वसूली और कब्जे की शिकायतों को लेकर विवाद के बीच अब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का नाम लेकर कथित तौर पर ठगी करने का मामला सामने आया है।
मुख्यमंत्री के गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर में भाजपा के एक मंडल उपाध्यक्ष को करीब छह करोड़ रुपये की वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपित का नाम अभिजीत करण है। वह नंदकुमार-1 मंडल कमेटी के उपाध्यक्ष बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अभिजीत पर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर लोगों से पैसे लेने का आरोप है। इसके अलावा विधानसभा चुनाव में पार्टी का टिकट दिलाने का प्रलोभन देकर भी कई नेताओं से वसूली का आरोप है।
शिकायत सामने आने के बाद खुद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में शिकायत करने वाले एक भाजपा नेता का आरोप है कि अभिजीत करण ने विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनवाने का भरोसा देकर उनसे 12 लाख रुपये लिए थे। यह रकम कोलकाता के एक होटल में दी गई थी। हालांकि, बाद में उन्हें टिकट नहीं मिला और उनकी रकम भी वापस नहीं की गई।
शिकायतकर्ता ने दावा किया कि खंची इलाके के एक अन्य भाजपा नेता से भी इसी तरह करीब छह लाख रुपये लिए गए थे। आरोप है कि अभिजीत मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का नाम लेकर भी लोगों को प्रभावित करता था और इसी आधार पर वसूली करता था।
शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित भाजपा नेता ने पूर्व मेदिनीपुर के नंदकुमार थाने में अभिजीत के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा के कुछ निचले स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर वसूली तथा जमीनों पर कब्जे के लगातार आरोप सामने आ रहे हैं। इस मुद्दे पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य भी कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश दे चुके हैं। अब मुख्यमंत्री का नाम लेकर कथित वसूली का यह मामला पार्टी के लिए नई चुनौती बन सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।