बंगाल: SIR पर पलट जवाब को सड़क पर उतरेगी भाजपा, 26 नवंबर को संविधान दिवस पर कोलकाता में निकालेगी विशाल रैली
भाजपा 26 नवंबर को संविधान दिवस पर कोलकाता में रैली कर मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) विवाद पर विपक्ष के हमलों का जवाब देगी।

मतदाता सूची विवाद पर भाजपा का जवाब (फाइल फोटो)
HighLights
भाजपा 26 नवंबर को कोलकाता में विशाल रैली निकालेगी।
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देगी।
पार्टी घर-घर जनसंपर्क कर भ्रम दूर करने की तैयारी में।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष के हमलों का जवाब देने के लिए भाजपा अब सड़क पर उतरकर शक्ति प्रदर्शन करेगी। 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर कोलकाता में विशाल रैली निकालने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही राज्य के विभिन्न जिलों में भी जुलूस निकालकर प्रचार अभियान चलाया जाएगा।
भाजपा का उद्देश्य विपक्ष के उन आरोपों को खारिज करना है, जिनमें चुनाव आयोग पर उसके इशारे पर मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का आरोप लगाया जा रहा है।
विपक्ष लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग कर रहा है। उसका कहना है कि सत्तारूढ़ दल अपने राजनीतिक हितों के लिए संविधान की अनदेखी कर फैसले ले रहा है।
भाजपा ने इन आरोपों को झूठा और दुष्प्रचार करार देते हुए संविधान दिवस पर ही जवाबी अभियान शुरू करने की रणनीति बनाई है।
घर-घर पहुंचने की भी तैयारी
भाजपा की योजना केवल रैली और जुलूस तक सीमित नहीं रहेगी। सूत्रों ने बताया कि पार्टी जिलों में प्रचार अभियान के साथ जनसंपर्क भी बढ़ाएगी। घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करने पर भी विचार किया जा रहा है। इसके जरिये भाजपा जनता के बीच यह संदेश पहुंचाना चाहती है कि विपक्ष संविधान के नाम पर भ्रम और दुष्प्रचार फैला रहा है, जबकि भाजपा संवैधानिक व्यवस्था के पक्ष में खड़ी है।
निकाय और पंचायत चुनावों पर भी नजर
कोलकाता, हावड़ा समेत राज्य के विभिन्न नगर निगमों और नगरपालिकाओं के चुनाव होने हैं। इसके बाद पंचायत चुनाव और 2029 में लोकसभा चुनाव भी प्रस्तावित हैं। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए अभी से संगठनात्मक तैयारियां मजबूत करना चाहता है।
इसी रणनीति के तहत एसआइआर समेत अन्य मुद्दों पर विपक्ष के हमलों का जवाब देने के लिए पार्टी ने सड़क पर उतरने का फैसला किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।