बंगाल की स्थिति कश्मीर से भी खराब : दिलीप
बंगाल की स्थिति कश्मीर से भी खराब है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने शनिवार को प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की कार्यशाला को संबोधित करते हुए यह बात कही।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : बंगाल की स्थिति कश्मीर से भी खराब है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने शनिवार को प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की कार्यशाला को संबोधित करते हुए यह बात कही। 'एक देश एक संविधान' विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया था। अनुच्छेद 370 से लोगों को अवगत कराने के उद्देश्य से महिला मोर्चा की तरफ से ईजेडसीसी में इस कार्यशाला का आयोजन किया गया था। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सवाल किया कि इतने दिनों तक अनुच्छेद 370 को लागू रखने से आखिर क्या फायदा हुआ। कोई लाभ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक देश का सपना देखा था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरा किया। घोष ने आरोप लगाया कि जो लोग अनुच्छेद 370 को समाप्त किए जाने का समर्थन नहीं करते हैं, वे अलगाववाद का समर्थन कर रहे हैं। घोष ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन होकर रहेगा। इसके अधिक दिन बाकी नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका दल ही सपनों का बंगाल तैयार करेगा। घोष ने कहा कि उनकी पार्टी के हजारों कार्यकर्ता बेघर हुए हैं। कई कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। कार्यकर्ताओं के आंसू बेकार नहीं जाएंगे। उक्त अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व सांसद लॉकेट चटर्जी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा, नेता मुकुल राय सहित अन्य नेता एवं मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित थे।