नए-पुराने लोगों को लेकर चलना चुनौतीपूर्ण : दिलीप
बंगाल में भाजपा निर्धारित एक करोड़ के सदस्यता लक्ष्य को पार करेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने शनिवार को यह दावा करते हुए कहा कि अभी तक बंगाल में 90 लाख से ज्यादा सदस्य बनाए जा चुके हैं।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : बंगाल में भाजपा निर्धारित एक करोड़ के सदस्यता लक्ष्य को पार करेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने शनिवार को यह दावा करते हुए कहा कि अभी तक बंगाल में 90 लाख से ज्यादा सदस्य बनाए जा चुके हैं। नए सदस्य बनाने के मामले में बंगाल अव्वल स्थान पर है। इसके लिए पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश नेतृत्व को धन्यवाद दिया है। उन्होंने प्रदेश कमेटी की प्रशंसा की है। घोष ने इस सफलता का श्रेय पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा-'इतने में ही खुश नहीं होना है बल्कि हमें अपने लक्ष्य को हासिल करना है। हम नेताओं को खुश रखने के लिए काम नहीं करते बल्कि बंगाल में परिवर्तन लाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। एक करोड़ सदस्य बनाए जाने के बाद ही पार्टी यहां विधानसभा चुनाव जीतने योग्य होगी। पूरा विश्वास है कि राज्य में पार्टी सदस्यता लक्ष्य पाने में सफल होगी। इसके लिए सांगठनिक बैठकों के साथ ही विभिन्न जिलों में सदस्यता अभियान चल रहा है।' दिलीप घोष ने इस दिन आइसीसीआर में आयोजित सांगठनिक बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, सह प्रभारी अरविंद मेनन, पार्टी नेता मुकुल राय, प्रदेश महासचिव सायंतन बसु सहित अन्य नेता एवं काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी की मौजूदा स्थिति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बंगाल में नए-पुराने कार्यकर्ताओं को लेकर हमें आगे बढ़ना होगा, जो कि चुनौतीपूर्ण है। इस बात को केंद्रीय नेतृत्व भी समझ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के मानसिक परिवर्तन की भी जरूरत बताई। घोष ने कहा कि भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है इसलिए कार्यकर्ताओं को अपना मन भी बड़ा करना होगा। उन्होंने कहा कि छोटे-बड़े विभिन्न दलों से काफी लोग भाजपा में शामिल हुए हैं। नए लोगों के आने का सिलसिला जारी है। इन सबको लेकर आगे बढ़ना होगा। सदस्यता लक्ष्य हासिल होने के बाद पार्टी का सांगठनिक चुनाव होगा। इसके माध्यम से बूथ कमेटी से लेकर प्रदेश कमेटी का गठन किया जाएगा।