भाजपा ने राज्य सरकार को दिया चार यात्राओं का प्रस्ताव
प्रदेश भाजपा ने 'गणतंत्र बचाओ यात्रा' को लेकर राज्य सरकार को पत्र लिखा है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : प्रदेश भाजपा ने 'गणतंत्र बचाओ यात्रा' को लेकर राज्य सरकार को पत्र लिखा है। प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजुमदार ने गुरुवार को राज्य सचिवालय नवान्न जाकर राज्य के मुख्य सचिव को पत्र सौंपा। भाजपा ने राज्य में चार यात्रा निकालने का प्रस्ताव रखा है। मजुमदार ने कहा कि भाजपा की गणतंत्र बचाओ यात्रा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को कहा है कि वह भाजपा को जुलूस एवं सभा की अनुमति दे। सुप्रीम कोर्ट के समक्ष राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था को लेकर जो आशंकाएं जताई हैं, उनका ध्यान रखने हुए भाजपा की ओर से यात्रा का प्रस्ताव रखा गया है। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश में कहा था कि राज्य सरकार द्वारा जताई गई आशंकाओं पर ध्यान रखते हुए भाजपा नए सिरे से यात्रा का प्रस्ताव रख सकती है। प्रदेश भाजपा की तरफ से राज्य सरकार को यह बताया गया है कि उनकी यात्रा का सांप्रदायिक लोगों से कोई संबंध नहीं है। यात्रा किसी धर्म या वर्ग को लेकर नहीं होगी बल्कि यह पूरी तरह से शांतिपूर्ण जन यात्रा है। यह राज्य में गणतंत्र बचाने के लिए एवं जन संपर्क बढ़ाने के लिए होगी। पहले से ही भाजपा कहती आ रही है कि यह कोई रथयात्रा नहीं, बल्कि जनयात्रा है। मजुमदार ने बताया कि इस पत्र को देने के लिए बुधवार को भी वे नवान्न पहुंचे थे लेकिन किसी कारण से जमा नहीं लिया गया। गुरुवार को सरकार ने यह पत्र ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने राज्य में 20 से 22 जनवरी तक पांच सभाएं करने का फैसला लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा इन सभी सभाओं को संबोधित करने की बात है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी थी।