विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा के नाम पर श्रमिक संगठन चलाने पर रोक, नेताओं को भी चेतावनी

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:05 PM (IST)

बंगाल भाजपा ने अपने नाम पर श्रमिक संगठन चलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है, केवल 'यूनियन रिलेशन सेल' ही समन्वय का कार्य करेगा। 

भाजपा ने अपने नाम पर श्रमिक संगठन चलाने पर रोक लगाई (बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, फाइल फोटो)

भाजपा ने अपने नाम पर श्रमिक संगठन चलाने पर रोक लगाई (बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, फाइल फोटो)

HighLights

  1. भाजपा ने अपने नाम पर श्रमिक संगठन चलाने पर रोक लगाई

  2. केवल 'यूनियन रिलेशन सेल' समन्वय करेगा, संगठन नहीं

  3. अनाधिकृत श्रमिक संगठनों से जुड़ने पर नेताओं को चेतावनी

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद श्रमिक संगठनों के नाम पर कथित वसूली और यूनियनों पर कब्जे की शिकायतों के बीच भाजपा ने अपने नाम पर श्रमिक संगठन चलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। प्रदेश भाजपा ने स्पष्ट किया है कि पार्टी का अपना कोई श्रमिक संगठन या ट्रेड यूनियन नहीं है।

इसके लिए केवल 'यूनियन रिलेशन सेल' बनाया गया है, जिसकी भूमिका विभिन्न विचारधारा से जुड़े श्रमिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करने तक सीमित रहेगी। पार्टी ने इस संबंध में लिखित निर्देश जारी कर सभी जिला, मंडल और मोर्चा स्तर के पदाधिकारियों तथा निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को ऐसे संगठनों से दूरी बनाने को कहा है।

भाजपा ने अपने नाम पर श्रमिक संगठन चलाने पर रोक लगाई

प्रदेश भाजपा के महासचिव शशि अग्निहोत्री की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि कुछ लोग विभिन्न क्षेत्रों में श्रमिक संगठनों के नाम पर यूनियन संचालित कर रहे हैं। इनके बैनर पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य की तस्वीरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

पार्टी ने ऐसी गतिविधियों को नियम विरुद्ध और अवैध करार दिया है। निर्देश के अनुसार, ऐसे बेनामी संगठनों की किसी बैठक या कार्यक्रम में पार्टी का कोई निर्वाचित प्रतिनिधि अथवा जिला, मंडल और मोर्चा स्तर का कार्यकर्ता शामिल नहीं होगा। शशि अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया है कि निर्देश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अनुशासनहीनता के आरोप में कार्रवाई की जाएगी।

हवाई अड्डे पर श्रमिक संगठन के गठन के बाद बदला रुख

भाजपा के इस फैसले को हाल में कोलकाता हवाई अड्डे पर ठेका कर्मचारियों के लिए गठित श्रमिक संगठन के घटनाक्रम से भी जोड़कर देखा जा रहा है। 31 अक्टूबर को नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एनएससीबीआई एयरपोर्ट कांट्रैक्टर्स वर्कर्स मोर्चा का गठन हुआ था। उस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल भी शामिल हुए थे।

उन्होंने इसे पार्टी का पहला औपचारिक श्रमिक संगठन बताया था। प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी इसे ट्रेड यूनियन रिलेशन सेल से जुड़ा बताया था। अब पार्टी की नई स्पष्टता के बाद इस संगठन की स्थिति को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।