विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल पुलिस का एक्शन, बीरभूम में पूर्व सरकारी बस ड्राइवर के घर से 28.5 करोड़ कैश और 15 किलो सोना जब्त

Published: Wed, 29 Jul 2026 04:33 PM (IST)

बीरभूम के मोहम्मदबाजार में पुलिस ने एक पूर्व सरकारी बस चालक मिनार मंडल के घर से करोड़ों रुपये नकद और 15 किलो सोना जब्त किया है।

करोड़ों की नकदी और 15 किलो सोना जब्त। जागरण

करोड़ों की नकदी और 15 किलो सोना जब्त। जागरण

HighLights

  1. बीरभूम में पुलिस ने पूर्व सरकारी बस चालक के घर छापा मारा।

  2. करोड़ों रुपये नकद और 15 किलो सोना बरामद हुआ।

  3. मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा किया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 28.5 करोड़ रुपये नकद और करीब 15 किलो सोना बरामद किया।

पुलिस ने देउचा गांव में पूर्व सरकारी बस चालक और बाद में पत्थर कारोबारी बने मिनार मंडल के दो मंजिला मकान में तलाशी के दौरान यह रकम और सोना बरामद किया। नकदी कई बैग में रखी गई थी और उसकी गिनती के दौरान रकम 28.5 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी थी।

पुलिस के मुताबिक, मकान से एक-एक किलो वजन की 14 सोने की छड़ें और 100-100 ग्राम वजन के 10 सोने के बिस्कुट मिले हैं। मौजूदा बाजार भाव के अनुसार इनकी कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। मिनार मंडल और उसके बेटे को तलाशी के दौरान हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कहीं अन्य स्थानों पर भी नकदी या संपत्ति तो नहीं छिपाई गई है। नकदी की गिनती के लिए नोट गिनने वाली मशीनें मंगाई गईं। बरामद रुपये को ले जाने के लिए बड़े-बड़े ट्रंक भी लाए गए।

पुलिस के अनुसार मिनार, फरार कारोबारी टुल्लू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का बहनोई है। टुल्लू का बीरभूम के पत्थर खदान कारोबार में काफी प्रभाव बताया जाता है। टुल्लू मंडल को कभी पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार में प्रभावशाली नेता अनुब्रत मंडल का करीबी बताया जाता था।

पुलिस सूत्रों का दावा है कि मिनार इलाके के सात टोल गेट में से एक का संचालन करता था, जहां पत्थर खदानों से आने वाले ट्रकों से परिवहन शुल्क वसूला जाता था। आरोप है कि सरकारी राजस्व के लिए वसूली गई बड़ी रकम में गड़बड़ी की गई और बरामद धन उसी अवैध कमाई का हिस्सा हो सकता है।

मवेशी तस्करी मामले में भी टुल्लू मंडल का नाम आया था सामने

टुल्लू मंडल का नाम मवेशी तस्करी मामले की सीबीआई जांच में भी सामने आया था। अगस्त 2022 में एजेंसी ने बीरभूम के मोहम्मद बाजार क्षेत्र में उसके कई ठिकानों, कार्यालय और गोदाम पर तलाशी ली थी। बाद में ईडी ने उसी वर्ष नवंबर में उसे पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया था।

ईडी के समन के 48 घंटे के भीतर बीरभूम पुलिस ने अक्टूबर 2022 में दर्ज हत्या के एक मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया था। जमानत मिलने के बाद मई में विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद से उसके फरार होने का दावा पुलिस ने किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा- भ्रष्टाचार में शामिल किसी को नहीं बख्शेंगे

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टालरेंस नीति जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी संपत्ति या जनता के पैसे की कथित लूट से संपत्ति बनाने वालों और गलत तरीके से संपत्ति अर्जित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

वहीं सैंथिया के भाजपा विधायक कृष्णकांत साहा ने कहा कि राज्य में बदलाव के बाद चोरी, लूट और सिंडिकेट राज को खत्म करने की दिशा में कार्रवाई हो रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़ी रकम बरामद होने पर उसे जनता के हित में इस्तेमाल किया जाना चाहिए।