West Bengal: शराब पीने का विरोध करने पर कोलकाता में बिहार के युवक की हत्या
Bihar Man Killed. कोलकाता में शराब पीने का विरोध करने पर बिहार के युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। महानगर में सार्वजनिक रूप से शराब पीने का विरोध करने पर बिहार के एक 35 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना कोलकाता के शोभाबाजार इलाके में सोमवार रात करीब 8.30 बजे घटी जब कथित तौर पर कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक का नाम प्रमोद शॉ (35) है। घटना के सिलसिले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रमोद ने क्षेत्र में सार्वजनिक रूप से शराब पीने का विरोध किया था। आरोपितों ने महिला राहगीरों पर भी भद्दी टिप्पणियां की जिसपर उसने आपत्ति जताई थी। इसके चलते उसके साथ मारपीट की गई।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद घटना में शामिल लोगों की सही संख्या का पता लगाया जा रहा है। अधिकारी ने बताया, मृतक प्रमोद शोभाबाजार के अरविंदो सरणी में फुटपाथ पर पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग उसकी जमकर पिटाई के बाद भाग निकले। सूचना के बाद उसे आरजीकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि बिहार निवासी उक्त युवक हाल में रोजगार की तलाश में कोलकाता आया था।
होली पर हुड़दंग मचाने पर 656 लोग गिरफ्तार
महानगर में होली के दिन हुड़दंग मचाने के आरोप में कोलकाता पुलिस ने सोमवार को विभिन्न जगहों से 656 लोगों को गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। वहीं, 336 बाइकर्स के खिलाफ सोमवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने के लिए मामला दर्ज किया गया।
कोलकाता पुलिस ने मंगलवार को भी हुड़दंग मचाने के आरोप में 428 लोगों को गिरफ्तार किया और पांच बाइकर्स के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि दो दिनों के दौरान गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों के कब्जे से लगभग 407 लीटर शराब जब्त की गई।