विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की रैली से गैरहाजिरी पर बंगाल युवा कांग्रेस के 26 नेता निलंबित

Published: Wed, 04 Nov 2026 08:32 PM (IST)

दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित राजनीतिक कार्यक्रम से अनुपस्थित रहने पर बंगाल प्रदेश युवा कांग्रेस के 26 पदाधिकारियों को ...और पढ़ें

News Article Hero Image

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित राजनीतिक कार्यक्रम से अनुपस्थित रहने पर बंगाल प्रदेश युवा कांग्रेस में बड़ी सांगठनिक कार्रवाई की गई है। अखिल भारतीय युवा कांग्रेस नेतृत्व के निर्देश पर छह जिला अध्यक्षों समेत कुल 26 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। तीन नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, अगला निर्देश आने तक यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू रहेगी। इस फैसले के बाद पार्टी के भीतर ही विरोध के स्वर उठने लगे हैं। प्रदेश कांग्रेस नेता रोहन मित्रा ने निलंबन के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

निलंबित किए गए छह जिला अध्यक्षों में कूचबिहार के सुकमल बर्मन, जलपाईगुड़ी के नवीनेंदु मौलिक, उत्तर दिनाजपुर के मामून रेजा, पूर्व बर्द्धमान के मिथुन सरकार, उत्तर कोलकाता के अभिषेक गुप्ता और दक्षिण कोलकाता के इंद्रजीत मंडल शामिल हैं। इनके अलावा प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष बाबुल एसके, कई महासचिव और सचिव स्तर के पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई है। आदेश पर संगठन के राष्ट्रीय सचिव एवं बंगाल प्रभारी एहसान अहमद खान तथा प्रदेश अध्यक्ष सौरभ प्रसाद के हस्ताक्षर हैं।

फैसले पर पुनर्विचार की मांग

रोहन मित्रा ने कहा कि लंबे समय से विपरीत परिस्थितियों में संगठन को संभालने वाले कार्यकर्ताओं को उनकी अनुपस्थिति का कारण जाने बिना निलंबित करना उचित नहीं है। उन्होंने दलील दी कि पूजा और दीपावली के दौरान कोलकाता से दिल्ली की ट्रेन टिकट मिलना मुश्किल था। वहीं, विमान से आने-जाने पर प्रति व्यक्ति 20-25 हजार रुपये खर्च होते। सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि वाले युवा कार्यकर्ताओं के लिए इतनी जल्दी यह रकम जुटाना संभव नहीं था।

उन्होंने कहा कि कई कार्यकर्ताओं ने आठ-दस वर्ष संगठन को दिए हैं और कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी का साथ नहीं छोड़ा। ऐसे पुराने कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने के बजाय उनके योगदान और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर निर्णय पर दोबारा विचार किया जाना चाहिए। अब निगाहें युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के अगले कदम पर हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।