बंगाल में हज भवन की तर्ज पर बनेगा गुरु नानक भवन, शुभेंदु अधिकारी ने किया एलान
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरु नानक जयंती पर बंगाल में हज भवन की तर्ज पर गुरु नानक भवन बनाने की घोषणा की। उन्होंने सिख समुदाय के लिए सामुदायिक केंद्र और गंगासागर मेले में लंगर लगाने सहित कई सहयोग का आश्वासन दिया।

गुरु नानक जयंती पर मंगलवार को डानकुनी गुरुद्वारे पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को पारंपरिक तलवार भेंट करते सिख समुदाय के लोग। फोटो क्रेडिट- सीएमओ
HighLights
बंगाल में हज भवन की तर्ज पर बनेगा गुरु नानक भवन
मुख्यमंत्री शुभेंदु ने गुरु नानक जयंती पर की यह घोषणा
सिख समुदाय को सामुदायिक केंद्र, गंगासागर लंगर का आश्वासन
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में हज भवन की तर्ज पर गुरु नानक भवन बनाने की वकालत करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को गुरुनानक जयंती पर सिख समुदाय के लिए कई घोषणाएं कीं।
सुबह हुगली जिले के डानकुनी स्थित गुरु गोविंद सिंह साहिब गुरुद्वारे में गुरु नानक जयंती समारोह में शामिल हुए शुभेंदु ने कहा कि जब राज्य में हज भवन हो सकता है तो गुरु नानक भवन क्यों नहीं बन सकता?
इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधन की मांग पर उन्होंने गुरुद्वारा परिसर में सामुदायिक केंद्र (कम्युनिटी सेंटर) के साथ गुरु नानक भवन के निर्माण के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने डानकुनी गुरुद्वारे के राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी जमीन की समस्या को बातचीत के जरिए सुलझाने सुलझाने का भी भरोसा दिया।

बंगाल में हज भवन की तर्ज पर बनेगा गुरु नानक भवन
गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को पारंपरिक सिरोपा और सिख परंपरा की तलवार भेंटकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने गुरु नानक की वेदी पर मत्था टेका और श्रद्धालुओं के साथ बैठकर प्रार्थना तथा कीर्तन सुना।
कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ने सिख समुदाय के लोगों के साथ अपने पुराने आत्मीय संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय के साथ उनका संबंध किसी राजनीतिक पद या सत्ता की वजह से नहीं, बल्कि पुराना और आत्मीय है। वह पहले भी कई बार यहां आए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुद्वारा महत्वपूर्ण सेवा केंद्र है और सरकार इसके विकास के लिए काम करेगी। उन्होंने गुरु नानक के नाम पर भवन बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे बड़ी उपलब्धि कुछ नहीं हो सकती।
उनके मुताबिक, सरकार सभी समुदायों को समान सम्मान देती है और सिख तथा जैन समुदाय सहित सभी अल्पसंख्यक वर्गों के विकास के लिए काम किया जाएगा।
गंगासागर मेले में लंगर लगाने का भी दिया आमंत्रण
मुख्यमंत्री ने इस दौरान सिख समुदाय के लोगों से गंगासागर मेले में लंगर लगाने की अपील भी की। उन्होंने सिख समुदाय के समक्ष गंगासागर में इस बार शिविर स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सेवा उपलब्ध कराई जा सके। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधन की मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिया।
पद से पहले भी रहा है सिख समुदाय से जुड़ाव
शुभेंदु ने कहा कि जब वह न मंत्री थे और न मुख्यमंत्री, तब से सिख समुदाय के लोग उन्हें अपना मानते रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों ने परिसर में सामुदायिक केंद्र बनाने का अनुरोध किया था।
उस समय उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर काम कराने का भरोसा दिया था। अब मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने सरकार की ओर से सहयोग करने का आश्वासन दिया है।
धार्मिक आयोजनों में शुभेंदु की लगातार हो रही भागीदारी
बताते चलें कि मुख्यमंत्री बनने के बाद से शुभेंदु विभिन्न धर्मों और समुदायों के प्रमुख आयोजनों में भाग लेते रहे हैं। बिरसा मुंडा जयंती से लेकर गोवर्धन पूजा, जगद्धात्री पूजा और छठ पर्व तक के आयोजनों में उनकी मौजूदगी देखी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।