'17 सितंबर को पीएम मोदी के जन्मदिन पर बंगाल में मनाया जाएगा अन्नपूर्णा दिवस', CM शुभेंदु का एलान
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर पूरे बंगाल में 'अन्नपूर्णा दिवस' मनाया जाएगा।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर बंगाल में मनाया जाएगा अन्नपूर्णा दिवस। (पीटीआई)
HighLights
17 सितंबर को पीएम मोदी के जन्मदिन पर अन्नपूर्णा दिवस।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने योजना लाभार्थियों को किया आश्वस्त।
पूर्ववर्ती ममता सरकार पर भ्रष्टाचार, विकास न करने का आरोप।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद मई में गठित भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं के लिए शुरू की गई तीन हजार रुपये की मासिक सहायता वाली अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने को लेकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार विरोध प्रदर्शन जारी है। इन सबके बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को घोषणा की कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे बंगाल में इस बार अन्नपूर्णा दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने शाम में अपने विधानसभा क्षेत्र कोलकाता के भवानीपुर में अन्नपूर्णा योजना को लेकर आयोजित कार्यक्रम में इसकी घोषणा की। शुभेंदु ने कहा कि उस दिन राज्य के सभी जिलों में अन्नपूर्णा योजना के लाभार्थियों को लेकर कार्यक्रम होंगे, जबकि कोलकाता में एक लाख अन्नपूर्णा लाभार्थियों के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें वह उपस्थित रहेंगे।
अन्नपूर्णा योजना को लेकर जगह-जगह हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं से विचलित नहीं होने की अपील की। शुभेंदु ने कहा कि सरकार आर्थिक रूप से कमजोर लोगों और पिछली सरकार के दौरान वंचित रहे लोगों को प्राथमिकता देगी। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट कहा कि कुछ लोगों के प्रदर्शन करने या मीडिया के सामने बयान देने से सरकार दबाव में नहीं आएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि एक भी पात्र महिला अन्नपूर्णा योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने महिलाओं से भरोसा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पात्र लोगों का नाम पोर्टल पर दर्ज कराने में भाजपा के कार्यकर्ता भी मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इसके लाभार्थियों की संख्या और बढ़ेगी।
15 वर्षों में बंगाल का नुकसान छोड़ ममता बनर्जी ने कुछ नहीं किया
इस मंच से शुभेंदु ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में ममता बनर्जी ने बंगाल का विकास करने के बजाय राज्य का सिर्फ और सिर्फ नुकसान किया। शुभेंदु ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के शासन में टाटा को बंगाल से बाहर जाना पड़ा और सिंगुर से उद्योगों को हटाया गया।
उन्होंने सरकारी नियुक्तियों में भ्रष्टाचार का भी जिक्र करते हुए दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने हजारों नौकरियां बेचीं। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार के दौरान राज्य लोक सेवा आयोग, स्कूल सेवा आयोग और पुलिस भर्ती बोर्ड समेत विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं में राजनीतिक हस्तक्षेप और पार्टी कैडरों को बैठाने का आरोप लगाया।
भाजपा सरकार केवल भत्ता देने तक सीमित नहीं रहेगी
पूर्ववर्ती सरकार की लक्ष्मी भंडार और अपनी अन्नपूर्णा योजना की तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार केवल भत्ता देने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि राज्य के सभी क्षेत्रों में व्यापक विकास करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि लक्ष्मी भंडार की राशि में चुनाव के समय चरणबद्ध तरीके से बढ़ोतरी की गई।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता केवल भत्ता देना नहीं, बल्कि बंगाल में व्यापक विकास करना है। शुभेंदु ने बताया कि भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में अब तक करीब 17 हजार अन्नपूर्णा लाभार्थियों के खातों में तीन-तीन हजार रुपये की राशि पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।