बंगाल: माटीगाड़ा में तीन फर्जी कॉल सेंटरों का भंडाफोड़, अंतरराष्ट्रीय ठगी के आरोप में 9 गिरफ्तार
सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा में पुलिस ने तीन कॉल सेंटरों पर बड़ी छापेमारी की, जिसमें अंतरराष्ट्रीय ठगी के आरोप में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
HighLights
माटीगाड़ा में तीन कॉल सेंटरों पर पुलिस की छापेमारी।
अंतरराष्ट्रीय ठगी के आरोप में 9 लोग गिरफ्तार हुए।
200 पुलिसकर्मियों की टीम ने अभियान को अंजाम दिया।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। माटीगाड़ा इलाके में शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक के बाद एक तीन कॉल सेंटरों पर छापेमारी की। शुक्रवार तड़के परिवहन नगर और लिचुबागान इलाके में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में पांच युवक और चार युवतियां शामिल हैं।
पुलिस के प्राथमिक जांच में इन कॉल सेंटरों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिए जाने का आरोप है।
कार्रवाई को अंजाम देने के लिए सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के विभिन्न थानों के अधिकारियों के साथ साइबर थाना, एसटीएफ और अन्य एजेंसियों को शामिल करते हुए करीब 200 पुलिसकर्मियों की टीम तैयार की गई थी।
तीन फर्जी कॉल सेंटरों का भंडाफोड़
माटी गाड़ा पुलिस की टीम ने रात करीब 1 बजे के बाद अभियान शुरू किया, जो सुबह लगभग 10 बजे तक चला। रात को शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान को चलाया गया। अचानक हुई इस बड़ी कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी मिली है कि पुलिस को इन कॉल सेंटरों के जरिए देश के विभिन्न हिस्से व विदेशों में बैठे लोगों को निशाना बनाकर ठगी किए जाने की सूचना मिली थी।
इसके बाद पूरी तैयारी के साथ अभियान चलाया गया। पुलिस ने तीनों स्थानों पर पहुंचकर वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की और 9 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद कॉल सेंटर के संचालन, ठगी के तरीके और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी हाथ लगी है। सभी 9 आरोपितों को शुक्रवार को सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश किया गया। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
