'बंगाल में सरकारी बैठकों के खर्च में 80 प्रतिशत से अधिक की हुई कटौती', सीएम शुभेंदु का दावा
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने बंगाल में सरकारी कार्यक्रमों और प्रशासनिक बैठकों के खर्च में 80% से अधिक की कटौती की है।
-1795434833549_m.webp)
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का दावा (File Photo)
HighLights
सरकारी कार्यक्रमों, प्रशासनिक बैठकों के खर्च में 80% से अधिक कटौती।
बचत का लाभ बेरोजगार युवाओं को, आवेदन शुल्क माफ।
पूर्ववर्ती सरकार की तुलना में खर्च 20% से भी कम।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सरकारी कार्यक्रमों और प्रशासनिक बैठकों के खर्च में भारी कटौती का दावा किया है। उन्होंने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ने पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार की तुलना में इन आयोजनों पर होने वाले खर्च को 20 प्रतिशत से भी नीचे ला दिया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकारी खजाने की बचत का लाभ अब बेरोजगार युवक-युवतियों को दिया जाएगा। राज्य में सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन करने पर अब किसी भी अभ्यर्थी को शुल्क नहीं देना होगा।
सीएम ने पेश किया खर्च का तुलनात्मक ब्योरा
नवान्न में राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक समीक्षा बैठकों (एआरएम) और सरकारी सेवा वितरण कार्यक्रमों के खर्च का तुलनात्मक ब्योरा पेश किया। उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती सरकार ने 67 प्रशासनिक समीक्षा बैठकें आयोजित करने पर सरकारी खजाने से 611 करोड़ रुपये खर्च किए थे। इसके मुकाबले वर्तमान सरकार में प्रशासनिक समीक्षा और सार्वजनिक वितरण संबंधी बैठकों पर होने वाला खर्च काफी कम है।
पांच दिन के कार्यक्रम अब एक दिन में
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने सरकारी आयोजनों की भव्यता कम की है और प्रशासनिक बैठकों को अधिक संक्षिप्त बनाया है। पहले जिन कार्यक्रमों को पूरा करने में पांच दिन लगते थे, उन्हें अब एक दिन में पूरा किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों और सभाओं पर होने वाला खर्च पिछले वर्ष की तुलना में घटकर लगभग 10 प्रतिशत रह गया है।
शुभेंदु ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार की तुलना में वर्तमान सरकार प्रशासनिक समीक्षा और सार्वजनिक वितरण बैठकों पर 20 प्रतिशत भी खर्च नहीं कर रही है। इससे सरकारी राजस्व की बड़ी बचत हो रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी खजाने में हो रही बचत का उपयोग जनहित के कार्यों में किया जाएगा।