बंगाल में VIP सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी, केंद्रीय बलों से प्रशिक्षण लेंगे राज्य के पुलिसकर्मी; SPG से भी लेंगे ट्रेनिंग
पश्चिम बंगाल पुलिस वीआईपी और वीवीआईपी सुरक्षा को आधुनिक बनाने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों (एसपीजी, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ) से प्रशिक्षण लेगी।

बंगाल में VIP सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी। फाइल फोटो
HighLights
राज्य पुलिस केंद्रीय बलों से वीआईपी सुरक्षा प्रशिक्षण लेगी।
एसपीजी, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ से दक्षता बढ़ाई जाएगी।
आधुनिक तकनीक और समन्वय पर विशेष जोर दिया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में वीआइपी और वीवीआइपी की सुरक्षा व्यवस्था को और आधुनिक तथा प्रभावी बनाने के लिए राज्य पुलिस केंद्रीय सुरक्षा बलों की विशेषज्ञता का सहारा लेने जा रही है। सूत्रों के अनुसार, राज्य पुलिस के कर्मियों को विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) से प्रशिक्षण दिलाने की तैयारी है। इसका उद्देश्य केवल सुरक्षा व्यवस्था का विस्तार करना नहीं, बल्कि पुलिसकर्मियों की दक्षता और तकनीकी क्षमता बढ़ाना भी है।
राज्य पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री समेत राज्य के वीआइपी और वीवीआइपी की सुरक्षा में तैनात कर्मियों को कई दलों में बांटकर प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। एसपीजी से एक महीने का विशेष प्रशिक्षण लेने की योजना है। इसके लिए पुलिसकर्मियों के दल तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली एसपीजी को सुरक्षा प्रबंधन, संभावित खतरे का आकलन और आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने का अनुभव है। राज्य पुलिस इसी अनुभव से लाभ उठाना चाहती है। सीआरपीएफ से भी प्रशिक्षण लेने की योजना है।
इसमें भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और अचानक पैदा होने वाली परिस्थितियों से निपटने जैसे विषय शामिल हो सकते हैं। वहीं, सीआइएसएफ से आधुनिक सुरक्षा प्रबंधन और तकनीक के इस्तेमाल की जानकारी लेने का प्रयास किया जाएगा।
तकनीक और समन्वय पर भी जोर
प्रशिक्षण में आधुनिक निगरानी और संचार प्रणालियों के साथ सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल की दक्षता बढ़ाने पर भी ध्यान दिए जाने की बात है। हालांकि, प्रशिक्षण का विस्तृत ब्यौरा अभी स्पष्ट नहीं है। मालूम हो कि राजनीतिक कार्यक्रमों, प्रशासनिक बैठकों और सरकारी आयोजनों में वीआइपी की सुरक्षा राज्य पुलिस की अहम जिम्मेदारी है।
बदलती सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर कर्मियों को अधिक सक्षम बनाने के लिए यह पहल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। प्रशिक्षण की योजना इसी दिशा में एक कदम मानी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।