बंगाल: निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि पर सख्ती की तैयारी, सीएम बोले- शिक्षा कोई उद्योग नहीं
बंगाल सरकार निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वृद्धि पर सख्ती बरतने की तैयारी में है, मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शिक्षा कारोबार नहीं है और अतिरिक्त वसूली गई फीस समायोजित या वापस की जाएगी।
-1795857293073_m.webp)
बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
HighLights
मुख्यमंत्री ने कहा शिक्षा कारोबार नहीं, फीस वृद्धि अस्वीकार्य।
अतिरिक्त वसूली गई फीस अगले सेमेस्टर में समायोजित या वापस होगी।
फीस नियंत्रण को कानून और शिकायत पोर्टल लाएगी सरकार।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। निजी स्कूलों में मनमानी फीस वृद्धि के नाम पर अभिभावकों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर बंगाल सरकार सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार देर शाम कोलकाता के न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में 360 निजी स्कूलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में स्पष्ट किया कि शिक्षा को कारोबार का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।
उन्होंने कुछ निजी स्कूलों द्वारा पांच प्रतिशत से अधिक फीस वृद्धि पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यदि चालू शैक्षणिक वर्ष में अतिरिक्त फीस वसूली गई है तो उसे अगले सेमेस्टर में समायोजित किया जाए या अभिभावकों को वापस किया जाए। फीस नियंत्रण के लिए सरकार मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करेगी। जरूरत पड़ने पर कानून भी बनाया जा सकता है।

मनमाना फीस वृद्धि स्वीकार नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ निजी स्कूलों ने नौ, 12 और 15 प्रतिशत तक फीस बढ़ाई है। सरकार ने स्कूलों को बुलाकर स्पष्ट कर दिया है कि वह इस तरह की वृद्धि को स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने बताया कि देश के सात राज्यों में निजी स्कूलों की फीस नियंत्रित करने के लिए कानून है। बंगाल में भी सरकार ऐसा कानून लाने के लिए बाध्य हो सकती है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, कुछ स्कूलों ने नौ प्रतिशत फीस बढ़ाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन सरकार ने इसे स्वीकार नहीं किया। फीस वृद्धि से संबंधित मामलों की शिक्षा विभाग अलग-अलग समीक्षा करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन स्कूलों ने चालू शैक्षणिक वर्ष में अतिरिक्त फीस वसूली है, वे अगले सेमेस्टर में उसे समायोजित करें या वापस कर दें। बैठक में स्कूलों ने आश्वासन दिया कि पांच प्रतिशत से अधिक वसूली गई फीस को अगले सेमेस्टर में समायोजित कर दिया जाएगा।
एक दिसंबर से शुरू होंगे दो पोर्टल
मुख्यमंत्री ने बताया कि एक दिसंबर से शिक्षा विभाग दो पोर्टल शुरू करेगा। पहले पोर्टल पर निजी स्कूल अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। दूसरे पोर्टल के माध्यम से अभिभावक अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए स्कूलों की फीस वृद्धि और अतिरिक्त आर्थिक बोझ से संबंधित शिकायतें कर सकेंगे।
निजी स्कूलों और अभिभावकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक समिति भी गठित की जाएगी। समिति को अगले वर्ष 28 फरवरी तक अपनी रिपोर्ट शिक्षा मंत्री को सौंपनी होगी।
बैठक में स्कूलों की ओर से यातायात व्यवस्था से संबंधित समस्याएं भी उठाई गईं। स्कूलों के बाहर यातायात पुलिस और सिविक वालंटियर की तैनाती की मांग की गई। बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन, राज्यमंत्री कौशिक चौधरी और सीबीएसई के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।