बंगाल में नई व्यवस्था लागू, सोमवार से नए शैक्षणिक शेड्यूल पर चलेंगे सभी मदरसे
बंगाल मदरसा शिक्षा बोर्ड ने मदरसों में साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था बदल दी है। अब शुक्रवार की जगह रविवार को छुट्टी रहेगी, जिससे शैक्षणिक कैलेंडर में एकरूपता आएगी।

सोमवार से नए शैक्षणिक शेड्यूल पर चलेंगे सभी मदरसे (फोटो- एआई द्वारा निर्मित)।
HighLights
बंगाल मदरसों में अब रविवार को साप्ताहिक अवकाश लागू हुआ।
शुक्रवार की दशकों पुरानी साप्ताहिक छुट्टी अब समाप्त कर दी गई।
नए शैक्षणिक कैलेंडर के तहत सोमवार से नियमित कक्षाएं संचालित होंगी।
जागरण संवाददाता , कोलकाता । बंगाल मदरसा शिक्षा बोर्ड के ऐतिहासिक फैसले के बाद आज रविवार को राज्य के सभी मान्यता प्राप्त मदरसों में नई व्यवस्था के तहत पहला साप्ताहिक अवकाश रहा। अब कल सोमवार से मदरसे नए शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार खुलेंगे। इसके साथ ही सोमवार से शनिवार तक लगातार छह दिन नियमित कक्षाएं संचालित होंगी।
अब शुक्रवार को नहीं रहेगी साप्ताहिक छुट्टी की व्यवस्था
बोर्ड द्वारा 27 नवंबर को जारी अधिसूचना के तहत शुक्रवार (जुमे) को मिलने वाली दशकों पुरानी साप्ताहिक छुट्टी को समाप्त कर दिया गया है। पहले मदरसे शुक्रवार को बंद रहते थे और रविवार को खुले रहते थे, लेकिन अब अन्य सरकारी स्कूलों की तरह ही रविवार को साप्ताहिक अवकाश लागू कर दिया गया है। इस बदलाव का सीधा असर आने वाले शुक्रवार को दिखेगा, जब मदरसों में सामान्य दिनों की तरह पढ़ाई होगी।
शैक्षणिक कैलेंडर और उपस्थिति नियमों का होगा सख्त पालन
मदरसा शिक्षा बोर्ड ने सभी प्रधानाध्यापकों और प्रबंधन समितियों को निर्देश दिया है कि वे संशोधित समय-सारणी के अनुसार कक्षाओं और प्रशासनिक कार्यों का संचालन सुनिश्चित करें। नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के प्रावधानों के तहत किए गए इस बदलाव का उद्देश्य राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों के कैलेंडर में एकरूपता लाना है।