विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: 23 नवंबर से 22 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मिलेगा मौका, 16 जनवरी को आएगी फाइनल वोटर लिस्ट

Published: Fri, 13 Nov 2026 10:53 PM (IST)

बंगाल में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत प्रारूप सूची 23 नवंबर को और अंतिम सूची 16 जनवरी ...और पढ़ें

बंगाल में 23 नवंबर को जारी होगी मतदाता सूची की ड्राफ्ट लिस्ट (प्रतिकात्मक तस्वीर)

बंगाल में 23 नवंबर को जारी होगी मतदाता सूची की ड्राफ्ट लिस्ट (प्रतिकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. प्रारूप मतदाता सूची 23 नवंबर को होगी प्रकाशित।

  2. अंतिम मतदाता सूची 16 जनवरी 2027 को जारी होगी।

  3. मतदाता 23 नवंबर से 22 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की प्रक्रिया के तहत प्रारूप मतदाता सूची 23 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी। वहीं, अंतिम मतदाता सूची 16 जनवरी 2027 को जारी होगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता 23 नवंबर से 22 दिसंबर तक सूची में नाम शामिल कराने, विवरण में सुधार कराने और किसी तरह की गड़बड़ी पर दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इन आवेदनों का निपटारा आठ जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस पुनरीक्षण के लिए एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। इसके तहत इस तारीख तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के पात्र होंगे।

बूथों पर विशेष शिविर, आठ दिन मिलेगा अतिरिक्त सहयोग

मतदाताओं की सुविधा के लिए 28 और 29 नवंबर, 5, 6, 12, 13, 19 और 20 दिसंबर को राज्य के निर्धारित मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन दिनों बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे और नए मतदाताओं का पंजीकरण, व्यक्तिगत विवरण में सुधार तथा दावा-आपत्ति संबंधी आवेदन जमा कराने में सहायता करेंगे।

मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय एजेंटों (बीएलए) से भी इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने को कहा गया है। निर्वाचन आयोग ने इस बार मतदाता सूची में पतों की एकरूपता और पारिवारिक सदस्यों के मतदान केंद्रों को लेकर भी विशेष निर्देश दिए हैं।

मतदाताओं के पते में मकान संख्या, वार्ड, सड़क, मोहल्ला, गांव या शहर, जिला और पिन कोड जैसी जानकारियां दर्ज करनी होंगी। एक ही पते पर रहने वाले परिवार के सदस्यों को अलग-अलग मतदान केंद्रों में नहीं बांटने का निर्देश निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को दिया गया है।

इसके अलावा एक ही इमारत, सड़क और इलाके के मतदाताओं को यथासंभव सूची के एक ही खंड में रखने की कोशिश होगी।

फोटो और दोहरी प्रविष्टियों की भी होगी जांच

पुनरीक्षण के दौरान धुंधली अथवा गलत तस्वीरों को बदलने, दोहरी प्रविष्टियों को हटाने तथा मृत और स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हटाने पर भी जोर रहेगा।

सीईओ कार्यालय ने तीन नवंबर को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्यक्रम और आयोग के नए निर्देशों की जानकारी दी थी।

गौरतलब है कि बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान करीब 7.66 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 91 लाख नाम हटाए गए थे। इनमें तार्किक विसंगतियों के आधार पर जांच के बाद करीब 27.16 लाख नाम हटाए गए थे।

इन नामों को हटाने के फैसले को लेकर राजनीतिक विवाद भी हुआ। निर्वाचन आयोग ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि प्रभावित मतदाताओं में से 22.21 लाख ने अपीलीय न्यायाधिकरणों में गुहार लगाई थी और निपटाए गए मामलों में 93 प्रतिशत में नाम बहाल किए गए।

एसएसआर की प्रक्रिया ऐसे समय हो रही है, जब एसआईआर के दौरान नाम हटाए जाने को लेकर राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों की ओर से विरोध जारी है। विपक्षी दलों ने एसएसआर की प्रक्रिया और आगामी निकाय चुनावों के बीच समय-सीमा को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।