बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह का बड़ा आरोप, तृणमूल नेताओं के आतंकियों से संबंध
बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह ने तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर आतंकियों से संबंध रखने और राज्य में आतंकी ठिकाने बनाने का गंभीर आरोप लगाया है।

अर्जुन सिंह का तृणमूल नेताओं पर आरोप।
HighLights
मंत्री अर्जुन सिंह ने तृणमूल नेताओं पर आतंकी संबंध का आरोप लगाया।
बंगाल में आतंकियों के ठिकाने, ममता सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
दुर्गापूजा में अशांति की आशंका, भाजपा-गृह विभाग सतर्क।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के परिवहन व श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने राज्य के सीमावर्ती इलाकों में आतंकी ठिकाने बनाए जाने का आरोप लगाते हुए तृणमूल कांग्रेस के एक वर्ग पर उनसे संपर्क रखने व उन्हें मदद देने का गंभीर आरोप लगाया है।
रविवार को उत्तर 24 परगना जिले के जगदल में एक खूंटी पूजा कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बंगाल में तृणमूल के कई नेताओं और सदस्यों के आपराधिक तत्वों व आतंकियों के साथ संपर्क हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार ने बंगाल को आतंकियों के लिए सुरक्षित रास्ता बना दिया था। इसी वजह से गैर-सरकारी मदरसों और सीमावर्ती क्षेत्रों में आतंकियों ने कई ठिकाने बनाए हैं, जिनका धीरे-धीरे पता चल रहा है।
मंत्री ने आगामी दुर्गापूजा त्योहार के दौरान अशांति की आशंका जताते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के आम लोगों को आगे रखकर पूजा के दौरान गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा और गृह विभाग दोनों सतर्क हैं।
उन्होंने दावा किया कि दुर्गापूजा के दौरान भाजपा के कई नेताओं को निशाना बनाने की साजिश चल रही है। उनके अनुसार, राज्य के खिलाफ बड़ी साजिश रची जा रही है और उपलब्ध सुरक्षा सूचनाओं के आधार पर पहले से कार्रवाई की जा रही है।