बंगाल में आवास योजना में गड़बड़ी की खुलेंगी परतें, नेताओं से अफसरों तक पर नजर
पश्चिम बंगाल में ग्रामीण आवास योजना में कथित अनियमितताओं की जांच के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सीआईडी एसआईटी ...और पढ़ें
-1794676067966_m.webp)
बंगाल में आवास योजना में गड़बड़ी की खुलेंगी परतें (शुभेंदु अधिकारी फाइल फोटो)
HighLights
मुख्यमंत्री ने आवास योजना में गड़बड़ी की सीआईडी जांच के आदेश दिए।
57 हजार से अधिक संदिग्ध लाभार्थियों से राशि वसूली जाएगी।
अपात्रों की सूची बनाने वाले नेताओं-अफसरों की भूमिका जांची जाएगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल में पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ग्रामीण आवास योजना में हुई कथित अनियमितताओं की परतें अब खुलने वाली हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक दिन पहले शुक्रवार को पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में बड़ी संख्या में अपात्र लोगों तक सरकारी धन पहुंचने का दावा करते हुए इन मामलों की सीआइडी की एसआइटी से जांच कराने और राशि की वसूली का निर्देश देकर राजनीतिक और प्रशासनिक, दोनों स्तरों पर जवाबदेही तय करने के संकेत दिए हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद सत्यापन में करीब 57 हजार संदिग्ध और फर्जी लाभार्थियों के नाम सामने आए हैं। इनमें से 12 हजार लोगों के खातों में पहली किस्त के 60 हजार रुपये पहुंच चुके थे। मुख्यमंत्री के मुताबिक, 1,000 लोग राशि लौटा चुके हैं, जबकि शेष 11 हजार को 30 नवंबर तक पैसे वापस करने की समयसीमा तय की है।
अब सवाल है कि इतने बड़े पैमाने पर गड़बड़ी कैसे हुई, सूची तैयार करने और सत्यापन की जिम्मेदारी किसकी थी तथा किन राजनीतिक चेहरों और अधिकारियों की इसमें भूमिका रही?
राज्य सरकार की नजर केवल राशि की वसूली पर नहीं, बल्कि उन लोगों की भूमिका की जांच पर भी है, जिन्होंने अपात्रों के नाम सूची में शामिल कराए और भुगतान की मंजूरी दी।
केंद्र की आपत्तियों के बाद सत्यापन में सामने आईं खामियां
बंगाल में ग्रामीण आवास योजना में गड़बड़ी की शिकायतें नई नहीं हैं। केंद्र सरकार ने 2022 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बंगाल को मिलने वाली राशि रोक दी थी। केंद्र की ओर से अपात्र परिवारों को सूची में शामिल करने, पात्र लोगों के नाम हटाने और योजना के क्रियान्वयन में अनियमितताओं पर सवाल उठाए गए थे।
इसके बाद पूर्ववर्ती ममता सरकार ने अपने खर्च पर गरीबों को मकान देने के लिए बांग्ला बाड़ी योजना शुरू की थी। मई में राज्य में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार ने इसका नाम बदलकर मुख्यमंत्री आवास योजना कर दिया।
इससे पहले पूर्व बर्द्धमान, उत्तर और दक्षिण 24 परगना सहित विभिन्न जिलों में पक्के मकानों के मालिकों के नाम संभावित लाभार्थियों की सूची में होने की बात सामने आई थी। स्थानीय तृणमूल नेताओं और पंचायत से जुड़े लोगों के नाम भी सूची में होने का उल्लेख था।
मथुरापुर में तीन तृणमूल नेताओं समेत 25 लोगों के खिलाफ हुई थी प्राथमिकी
दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर-द्वितीय ब्लाक में वास्तविक लाभार्थियों के बैंक खाते का विवरण बदलकर राशि दूसरे खातों में भेजने के आरोप में तीन तृणमूल नेताओं समेत 25 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इनमें मुस्तफा कोयल, मोबेजुल गाजी और खलीक गाजी के नाम शामिल थे। यह कार्रवाई 2024 में कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश के बाद जिला प्रशासन की जांच के क्रम में हुई थी।
पूर्व बर्द्धमान के कटवा-द्वितीय ब्लाक में एक कथित काल्पनिक नाम पर छह मकानों का आवंटन दिखने के बाद भी जांच शुरू हुई थी। कुछ स्थानीय तृणमूल नेताओं और पंचायत प्रतिनिधियों से जुड़े नाम संभावित लाभार्थियों की सूची में आने का उल्लेख था।
अब अफसरों की जवाबदेही का सवाल
अब मुख्यमंत्री ने कहा है कि फर्जी नामों की सिफारिश करने वालों की पहचान की जाएगी। अधिकारियों की लापरवाही या मिलीभगत सामने आने पर विभागीय कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ने पर विशेष जांच दल बनाकर सीआइडी से जांच कराने की भी बात कही गई है।
जिसके बाद नेताओं से लेकर अफसरों तक में हड़कंप है। इस बीच मुख्यमंत्री के बाद मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने भी शनिवार को कहा कि जिन लोगों ने गलत तरीके से योजना का लाभ लिया है, उन्हें राशि लौटानी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।