बंगाल के मेडिकल कॉलेजों में लगेंगे AC, प्राचार्यों-अधीक्षकों को सूट-टाई का निर्देश; कॉरपोरेट जैसी होंगी सुविधाएं
बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों और सरकारी अस्पतालों में कॉर्पोरेट जैसी सुविधाएं देने का निर्देश दिया है।
-1795961527477_m.webp)
बंगाल के सरकारी अस्पतालों में कारपोरेट जैसी बनाने की तैयारी (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
मेडिकल कॉलेजों में एसी लगाने का निर्देश दिया गया।
सरकारी अस्पतालों में कॉर्पोरेट जैसी सुविधाएं देने पर जोर।
अधिकारियों को प्रतिदिन सूट-टाई पहनकर अस्पताल आने को कहा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी ने राज्य के सभी मेडिकल कालेजों के इंडोर और आउटडोर विभागों में एयर कंडीशनर (एसी) लगाने का निर्देश दिया है। उन्होंने मेडिकल कालेजों के छात्र संघ के कक्षों को भी वातानुकूलित करने को कहा है।
साथ ही मेडिकल कालेजों के सुपरिटेंडेंट और प्राचार्यों को प्रतिदिन सूट-टाई पहनकर अस्पताल आने को कहा। सूत्रों के अनुसार, यह निर्देश उन्होंने गुरुवार को मेडिकल कालेजों के सुपरिटेंडेंट-अधीक्षकों, प्राचार्यों, गैर-चिकित्सकीय सहायक अधीक्षकों, उप-अधीक्षकों और नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट के साथ वर्चुअल बैठक के दौरान दिए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। मंत्री ने कहा कि वह सरकारी अस्पतालों में कारपोरेट अस्पतालों जैसी व्यवस्था चाहते हैं। सरकारी अस्पतालों में करीब 70 प्रतिशत मरीजों को सेवा दी जाती है, इसलिए वहां कारपोरेट स्तर की सुविधाएं किस तरह उपलब्ध कराई जाएंगी, यह सवाल भी उठ रहा है।
मंत्री ने सरकारी अस्पतालों के वार्डों में ‘क्वालिटी बेड’ उपलब्ध कराने, सीसीयू और आईसीयू में आटोमैटिक या सेमी-आटोमैटिक बेड लगाने तथा हर मरीज के लिए बेडसाइड लाकर की व्यवस्था करने को भी कहा है। अस्पतालों में आधुनिक फूड ट्राली लाने और मेडिकल कालेजों में नए रंग-रोगन के निर्देश भी दिए गए हैं। मंत्री ने आदर्श अस्पतालों का मानदंड तय करने के लिए नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फार हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच) के नियमों का भी उल्लेख किया।