बंगाल: CM शुभेंदु की पहल के बाद हल्दिया रिफाइनरी को मिली 100 एकड़ जमीन, पेट्रोकेमिकल परियोजना का रास्ता साफ
मुख्यमंत्री की पहल पर हल्दिया बंदरगाह प्राधिकरण ने इंडियन ऑयल कारपोरेशन की हल्दिया रिफाइनरी को 100 एकड़ जमीन आवंटित की है।
-1795951358650_m.webp)
बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (File Photo)
HighLights
मुख्यमंत्री की पहल पर हल्दिया रिफाइनरी को जमीन मिली।
इंडियन ऑयल को 100 एकड़ जमीन आवंटित की गई।
पेट्रोकेमिकल परियोजना का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में औद्योगिक निवेश को गति देने की दिशा में हल्दिया में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की घोषणा के बाद हल्दिया बंदरगाह प्राधिकरण ने इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) की हल्दिया रिफाइनरी को 100 एकड़ जमीन आवंटित की है।
जमीन रिफाइनरी प्रबंधन को सौंप दी गई है। इस पर पेट्रोकेमिकल परियोजना विकसित करने की योजना है। परियोजना का विस्तृत प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद काम शुरू होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर हल्दिया रिफाइनरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नई औद्योगिक परियोजना के लिए करीब 175 एकड़ जमीन की जरूरत बताई थी। उन्होंने हल्दिया बंदरगाह से जमीन मिलने में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया था।
इसके बाद जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी आई और रिफाइनरी को 100 एकड़ जमीन मिल गई। हल्दिया रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक सुशांत कुमार दास ने इसकी जानकारी दी।
पहले से लंबित था जमीन आवंटन का मामला
रिफाइनरी प्रबंधन ने जमीन की जरूरत को लेकर पूर्ववर्ती राज्य सरकार और हल्दिया बंदरगाह प्राधिकरण के समक्ष पहले ही आवेदन किया था। हालांकि, लंबे समय तक इस पर निर्णय नहीं हो सका।
नई सरकार की पहल के बाद आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने पर रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक ने संतोष जताया। अब परियोजना के लिए केंद्र की मंजूरी का इंतजार है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद हल्दिया में पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में नई औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।