गरीबों और बुजुर्गों को मुफ्त चारधाम यात्रा कराएगी शुभेंदु सरकार, 2027 से शुरुआत की तैयारी
बंगाल में शुभेंदु सरकार आर्थिक रूप से कमजोर और बुजुर्गों के लिए मुफ्त चारधाम यात्रा योजना शुरू करने की तैयारी ...और पढ़ें

गरीबों और बुजुर्गों को मुफ्त चारधाम यात्रा कराएगी शुभेंदु सरकार।
HighLights
शुभेंदु सरकार गरीबों और बुजुर्गों को मुफ्त चारधाम यात्रा कराएगी।
केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री के दर्शन 2027 से संभव।
आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को तीर्थयात्रा का अवसर मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में आर्थिक रूप से कमजोर और बुजुर्ग लोगों का चारधाम यात्रा का सपना पूरा करने के लिए शुभेंदु अधिकारी की अगुवाई वाली राज्य की नई भाजपा सरकार एक नई जनकल्याणकारी योजना शुरू करने की तैयारी में है। इसके तहत राज्य के जरुरतमंद लोगों को उत्तराखंड स्थित केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के मुफ्त दर्शन कराए जाएंगे।
प्रस्तावित योजना में गरीबों और बुजुर्गों को प्राथमिकता देने की बात है। सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो वर्ष 2027 से इसकी शुरुआत हो सकती है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में सरकार के स्तर पर शुरुआती चर्चा के बाद योजना की रूपरेखा तैयार करने का काम आगे बढ़ चुका है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के बाद राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) के समक्ष मंजूरी के लिए रखा जाएगा। सरकार की मंशा इस चारधाम यात्रा योजना को एक बार के आयोजन तक सीमित रखने के बजाय नियमित जनकल्याणकारी कार्यक्रम के रूप में चलाने की है।
आर्थिक तंगी के कारण यात्रा से वंचित लोगों को मिलेगा अवसर
राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसे लोगों को तीर्थयात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक तंगी या आवश्यक सहयोग के अभाव में अब तक चारधाम के दर्शन नहीं कर सके हैं। चारधाम यात्रा हिंदू धर्मावलंबियों की प्रमुख तीर्थयात्राओं में शामिल है।
उत्तराखंड के दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में स्थित इन चारों धामों तक पहुंचने के लिए लंबी और कठिन यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में यात्रा का खर्च और शारीरिक चुनौतियां गरीबों तथा बुजुर्गों के लिए बड़ी बाधा बनती हैं।
सरकार यात्रा के दौरान परिवहन, ठहरने और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तृत योजना तैयार कर रही है। खासकर बुजुर्ग यात्रियों की उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए उनकी सुविधा तथा सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने पर विचार किया जा रहा है।
सोमनाथ यात्रा के अनुभव से बनेगी चयन प्रक्रिया की रूपरेखा
इससे पहले सितंबर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर बंगाल, गुजरात और केंद्र सरकार की संयुक्त पहल से राज्य के करीब 1,100 तीर्थयात्रियों को मुफ्त सोमनाथ दर्शन कराया गया था। अब प्रस्तावित चारधाम यात्रा इससे अलग राज्य सरकार की अपनी योजना होगी।
सूत्रों के मुताबिक, सोमनाथ यात्रा की तर्ज पर चारधाम यात्रा के लाभार्थियों के चयन में भी जिला प्रशासन की भूमिका हो सकती है। आर्थिक रूप से कमजोर आवेदकों की पहचान के लिए आय प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। आवेदन से लेकर लाभार्थियों के चयन तक पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने की तैयारी है, ताकि योजना का लाभ वास्तव में जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।