बंगाल सरकार ने कहा- महामारी अधिनियम के प्रावधानों के खिलाफ थी भाजपा की राज्य सचिवालय तक रैली
कोलकाता से 89 और हावड़ा में 24 लोगों को हिरासत में लिया गया हैः मुख्य सचिव। मार्च के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर केमिकल मिले नीले पानी की बौछार करने को लेकर किए गए सवाल पर बंद्योपाध्याय ने कहा कि यह वही रंग है जिसका इस्तेमाल होली पर किया जाता है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल सरकार ने कहा कि भाजपा ने राज्य सचिवालय नवान्न तक बिना अनुमति के मार्च निकाला और महामारी अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन किया। मुख्य सचिव अलापन बंद्योपाध्याय ने उकसावे के बावजूद पुलिस द्वारा संयम से हालात को संभालने की प्रशंसा की।
मार्च के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर केमिकल मिले नीले पानी की बौछार करने को लेकर किए गए सवाल पर बंद्योपाध्याय ने कहा कि यह वही रंग है जिसका इस्तेमाल होली पर किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय परिपाटी है। रंगीन पानी का इस्तेमाल ऐसे प्रदर्शनों के दौरान किया जाता है ताकि भीड़ को तितर-बितर करने के बाद इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
मुख्य सचिव ने यह भी कहा है कि भाजपा मार्च के दौरान हिंसक घटनाओं के प्रमाण मिले हैं, फायरआर्म बरामद हुए हैं, पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया गया है। प्रदर्शन के मामले में कोलकाता पुलिस ने 89 लोगों को और हावड़ा पुलिस ने 24 लोगों को हिरासत में लिया है। कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को कोलकाता और उससे सटा हावड़ा उस समय युद्ध का मैदान बन गया जब भाजपा युवा मोर्चा की ओर से आयोजित नवान्न अभियान के दौरान कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे और उनकी पुलिस के साथ झड़प हो गई। इस दौरान पत्थरबाजी हुई और टायर जलाकर सड़कों को बंद किया गया। दंगारोधी साजो-सामान से लैस पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, लाठीचार्ज किया और पानी की बौछारें कीं। दोनों शहरों में भाजपा का यह प्रदर्शन करीब तीन घंटे तक चला।
भाजपा ने दावा किया कि पुलिस की कार्रवाई में उसके 1500 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। इनमें कई को बहुत गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन, प्रदेश उपाध्यक्ष राजू बनर्जी सहित कुछ प्रमुख नेता भी शामिल हैं।