विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: 30 में 3 पराठे बेचने वाले इंटरनेट सेंसेशन की दुकान पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, जांच के लिए भेजे गए नमूने

Published: Sat, 31 Oct 2026 03:03 PM (IST)

कोलकाता में 30 रुपये वाले पॉकेट पराठे बेचकर इंटरनेट पर मशहूर हुए राजू घोष की दुकान पर खाद्य सुरक्षा विभाग ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, कोलकाता। इंटरनेट पर अपने 30 रुपये वाले पॉकेट पराठे को लेकर चर्चा में आए राजू घोष की दुकान पर शनिवार सुबह खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की।

एनआरएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पास लगने वाली इस दुकान पर अधिकारी यह जांच करने पहुंचे थे कि वहां खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई के मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं।

राजू अपनी दुकान पर महज 30 रुपये में तीन पॉकेट पराठे, असीमित सब्जी और एक उबला अंडा देते हैं। कम कीमत और स्वाद के कारण उनकी दुकान इंटरनेट पर काफी लोकप्रिय हो गई है। अधिकारियों ने दुकान पर पहुंचकर पराठे, सब्जी और उबले अंडे की गुणवत्ता के साथ उन्हें रखने वाले बर्तनों की भी जांच की। इस दौरान पता चला कि दुकान के पास खाद्य लाइसेंस नहीं है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दुकान से खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए गए हैं। इन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही भोजन की गुणवत्ता के संबंध में अंतिम तौर पर कुछ कहा जा सकेगा।

वहीं, राजू घोष ने अधिकारियों के सामने स्वीकार किया कि उनके पास फिलहाल खाद्य लाइसेंस नहीं है। अधिकारियों ने उन्हें लाइसेंस के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया समझाई है। राजू ने कहा कि वह लाइसेंस के लिए आवेदन करेंगे और भविष्य में बड़े स्थान पर दुकान खोलकर सभी खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करेंगे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकान की साफ-सफाई को लेकर भी कई सुझाव दिए। राजू को लाल गमछे की जगह साफ सफेद गमछा इस्तेमाल करने, उबले अंडे अलग बर्तन में रखने और सैनिटाइजर को अलग स्थान पर रखने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने उनसे इस्तेमाल किए जाने वाले मसालों के बारे में भी जानकारी ली।

राजू ने बताया कि, वह रोज घर से ही आटा गूंथकर पराठे तैयार करके लाते हैं और सब्जी भी घर पर बनाते हैं। उनकी दुकान पर अस्पताल में मरीजों के साथ रात गुजारने वाले परिजनों से लेकर आम लोगों तक करीब 100 ग्राहक प्रतिदिन पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की सेहत का ध्यान रखना उनकी जिम्मेदारी है और अधिकारियों की ओर से दिए गए सुझावों का वह पालन करेंगे।

गौरतलब है कि खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए पूजा से पहले से ही शहर के विभिन्न पेइंग होटल और सड़क किनारे लगने वाली खाद्य दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों ने फिलहाल राजू की दुकान बंद करने का कोई निर्देश नहीं दिया है। अब खाद्य सामग्री की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।