हिजली बना बंगाल का पहला ‘महिला स्टेशन’
कोलकाता मेट्रो रेलवे का नेताजी भवन गुरुवार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से देश का पहला पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा परिचालित मेट्रो स्टेशन बन गया।
हावड़ा, जागरण संवाददाता, : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तीकरण को बल देने के उद्देश्य के तहत दक्षिण पूर्व रेलवे (दपूरे) ने कई कदम उठाए हैं। इस उद्देश्य के तहत दपूरे के खड़गपुर मंडल के हिजली स्टेशन को बंगाल का पहला महिला स्टेशन घोषित किया गया है।
खडड़गपुर-भद्रक सेक्शन के बीच आइआइटी,खड़गपुर के समीप स्थित इस स्टेशन का अपना ऐतिहासिक महत्व भी हैं। स्टेशन में कार्यरत तमाम रेल कर्मचारी महिलाएं हैं। इनमें स्टेशन मास्टर , बुकिंग क्लर्क, सेक्युरिटी गार्ड
और प्वाइंट्स एंड सबस्टाफ्स सभी महिलाएं हैं।
कार्यरत पुरुष कर्मचारियों को महिला कर्मचारियों से बदला गया है। विभाग के अनुसार महिला सशक्तीकरण
को बढ़ावा देने की नीति के तहत दपूरे ने उक्त निर्णय लिया है।
महिलाओं को प्रमुखता
खड़गपुर वर्कशॉप की ओर से महिला कार्य बल को प्रमुखता देने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। मंडल का डिस्ट्रिब्यूशन वाल्व ओवरहाउलिंग सेक्शन, सेंटर ऑफ एक्सलेंस इकाई के तौर पर विकसित है। उक्त इकाई आठ आवंटन वाल्व के जांच का जिम्मा संभालता है। इसके तहत विभिन्न प्रकार के कार्यों को महिला कर्मचारी ही संभालती हैं। कुल आठ में सात महिला कर्मचारी हैं। इस मंडल के तहत डीजल कॉइल उत्पादन इकाई, को 25 महिला कर्मचारी संभालती हैं। उक्त इकाई में विभिन्न प्रकार के कॉइल का उत्पादन किया जाता है।
एसी एक्सप्रेस में टिकट जांच काजिम्मा महिला टीटीई को
हावड़ा-दीघा सुपर एसी एक्सप्रेस में टिकट जांच का जिम्मा महिला टीटीई संभालती हैं। उल्लेखनीय है कि यह पहला मौका है जब दपूरे की किसी ट्रेन में टिकट जांच का जिम्मा पूर्णतया महिला कर्मचारी संभालती हैं।
नेताजी भवन मेट्रो स्टेशन बना पूरी तरह से महिला संचालित
कोलकाता मेट्रो रेलवे का नेताजी भवन गुरुवार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से देश का पहला पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा परिचालित मेट्रो स्टेशन बन गया। इस स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक से लेकर पोर्टर तक के सभी पद महिला कर्मियो ने कार्य संभाल लिए। इस स्टेशन पर रेलवे के सभी पदों के साथ-साथ आरपीएफ सुरक्षा कर्मी भी महिलाएं ही होंगी। ज्यादा भीड़ वाले दिनों व मौकों पर अन्य स्टेशनों की महिला कर्मियों को ही नेताजी भवन स्टेशन की ड्यूटी पर लगाया जाएगा।