विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

West Bengal Exit Polls 2026: बंगाल में बीजेपी को 4 एग्जिट पोल में बहुमत, 2 में 'दीदी' का जादू

Published: Wed, 29 Apr 2026 10:07 PM (IST)Updated: Wed, 29 Apr 2026 10:40 PM (IST)

बंगाल विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल नतीजे सामने आ गए हैं, अधिकांश सर्वेक्षणों में भाजपा को बढ़त मिली है, जबकि कुछ तृणमूल की वापसी का दावा कर रहे हैं।

बंगाल में एग्जिट पोल में अधिकांश में भाजपा आगे।

बंगाल में एग्जिट पोल में अधिकांश में भाजपा आगे।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बाद बुधवार को एग्जिट पोल के नतीजे सामने आए। इन सर्वेक्षणों में तस्वीर पूरी तरह एकतरफा नहीं है, लेकिन अधिकांश एजेंसियों ने भाजपा को बढ़त में दिखाया है। वहीं कई सर्वे ऐसे भी हैं जो तृणमूल कांग्रेस को सत्ता में वापसी करते हुए दिखा रहे हैं।

कुल मिलाकर लगभग सभी एग्जिट पोल में दोनों दलों के बीच कड़ी और कांटे की टक्कर का संकेत मिला है। 294 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 148 सीटों की जरूरत होती है। 2021 के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 213 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल किया था, जबकि भाजपा 77 सीटों पर सिमट गई थी। लेकिन इस बार के एग्जिट पोल मुकाबले को कहीं ज्यादा दिलचस्प बना रहे हैं।

भाजपा को बढ़त देने वाले सर्वे

मैट्रिज के एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा 146 से 161 सीटें जीत सकती है, जबकि तृणमूल कांग्रेस को 125 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य दलों को छह से 10 सीटें मिल सकती हैं, जबकि वाम और कांग्रेस का खाता नहीं खुलने की संभावना जताई गई है।

चाणक्य स्ट्रैटेजी के सर्वे में भाजपा को 150 से 160 सीटों के साथ बहुमत के पार दिखाया गया है, जबकि तृणमूल को 130 से 140 सीटें मिल सकती हैं। पी-मार्क के मुताबिक भाजपा 150 से 175 सीटें जीत सकती है और तृणमूल 118 से 138 सीटों के बीच रह सकती है।

प्रजा पोल ने भाजपा को और भी मजबूत स्थिति में दिखाते हुए 178 से 208 सीटें मिलने का अनुमान जताया है, जबकि तृणमूल को 85 से 110 सीटें मिल सकती हैं। पोल डायरी के सर्वे में भाजपा को 142 से 171 सीटें और तृणमूल को 99 से 127 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।

WhatsApp Image 2026-04-29 at 21.07.00

तृणमूल को बढ़त देने वाले सर्वे

वहीं कुछ एजेंसियों ने तृणमूल कांग्रेस की वापसी का दावा किया है। पीपल्स पल्स के सर्वे में तृणमूल को 178 से 189 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि भाजपा 95 से 110 सीटों के बीच रह सकती है।

जनमत पोल्स के अनुसार तृणमूल कांग्रेस 195 से 205 सीटों के साथ सत्ता बरकरार रख सकती है। भाजपा को 80 से 90 सीटें मिलने की संभावना है। जेवीसी के सर्वे में मुकाबला बेहद करीबी बताया गया है, जिसमें तृणमूल को 131 से 152 सीटें और भाजपा को 138 से 159 सीटें मिल सकती हैं।

वाम-कांग्रेस का कमजोर प्रदर्शन

लगभग सभी एग्जिट पोल में वाम दलों और कांग्रेस की स्थिति बेहद कमजोर दिखाई गई है। अधिकांश सर्वे में इन दोनों दलों का खाता तक नहीं खुलने की संभावना जताई गई है या फिर उन्हें 1-3 सीटों तक सीमित बताया गया है।

मतदान और आगे की प्रक्रिया

बुधवार को राज्य में दूसरे और अंतिम चरण का मतदान संपन्न हुआ, जिसमें 7 जिलों की 142 सीटों पर वोटिंग हुई। इससे पहले 23 अप्रैल को 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हुआ था। इस बार राज्य में मतदान प्रतिशत 90 प्रतिशत के पार पहुंच गया, जो एक रिकार्ड माना जा रहा है।

हालांकि, एग्जिट पोल के नतीजे हमेशा अंतिम परिणाम से मेल खाएं, ऐसा जरूरी नहीं है। भारत के चुनावी इतिहास में कई बार एग्जिट पोल गलत भी साबित हुए हैं। अब सबकी नजर चार मई पर टिकी है, जब मतगणना होगी और यह साफ हो जाएगा कि सत्ता की असली चाबी किसके हाथ में जाती है।

यह भी पढ़ें- West Bengal Exit Poll Result 2026 LIVE: पश्चिम बंगाल में 4 एग्जिट पोल बना रहे BJP सरकार, 1 में 'दीदी' दमदार