बंगाल: दिवंगत भाजपा नेता मनीष शुक्ला के पिता को जर्मनी से मिली धमकी, पुलिस ने मामला किया दर्ज
दिवंगत भाजपा नेता मनीष शुक्ला के पिता चंद्रमणि शुक्ला को जर्मनी से जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने ...और पढ़ें

मनीष शुक्ला के पिता को जान से मारने की धमकी मिली।
HighLights
मनीष शुक्ला के पिता चंद्रमणि को जान से मारने की धमकी मिली।
जर्मनी से इंटरनेट कॉल और वाट्सऐप संदेशों से धमकी दी गई।
खरदह थाने में शिकायत दर्ज, भाजपा नेतृत्व को भी सूचना।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर के दिवंगत भाजपा नेता मनीष शुक्ला के पिता चंद्रमणि शुक्ला को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। चंद्रमणि के अनुसार, अरविंद पाल नाम से एक व्यक्ति ने जर्मनी से इंटरनेट काल और वाट्सऐप संदेशों के जरिए उन्हें धमकाया।
संदेश में उन पर बेटे की हत्या के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए पार्टी नेता संतोष सिंह के साथ रहने पर जान से मारने की धमकी दी गई। चंद्रमणि ने खरदह थाने में शिकायत दर्ज कराने के साथ भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को भी इसकी जानकारी दी है।
चंद्रमणि का आरोप है कि सोमवार को भाजपा नेता कौस्तव बागची के खिलाफ संवाददाता सम्मेलन करने के बाद उन्हें धमकियां मिलने लगीं। हाल में मनीष शुक्ला की हत्या के मामले में आरोपित रहे पूर्व नगरपालिका प्रमुखों के भाजपा के मंच पर दिखने को लेकर कौस्तव ने सवाल उठाए थे। इसके जवाब में चंद्रमणि ने भी संवाददाता सम्मेलन किया था। उनका दावा है कि धमकी देने वाला जर्मनी में होने के बजाय स्थानीय बदमाश हो सकता है।
2020 में हुई थी मनीष शुक्ला की हत्या
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 में टीटागढ़ स्थित भाजपा कार्यालय के सामने मनीष शुक्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में बैरकपुर के तत्कालीन नगरपालिका प्रमुख उत्तम दास और टीटागढ़ के पूर्व नगरपालिका प्रमुख प्रशांत चौधरी के नाम भी सामने आए थे। चंद्रमणि का कहना है कि धमकी के बाद उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है।
