बंगाल को CM शुभेंदु की सौगात: रायगंज में एम्स और सिलीगुड़ी में कैंसर अस्पताल का एलान
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उत्तर बंगाल की स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के लिए कई बड़ी परियोजनाओं की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने उत्तर बंगाल स्वास्थ्य सुधार की घोषणा की।
HighLights
मुख्यमंत्री ने उत्तर बंगाल स्वास्थ्य सुधार की घोषणा की।
रायगंज के दिकनगर में एम्स का प्रस्ताव भेजा जाएगा।
सिलीगुड़ी में पूर्ण विकसित कैंसर अस्पताल बनेगा।
जागरण संवाददाता, इस्लामपुर। चुनावी वादों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उत्तर बंगाल की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए कई बड़ी परियोजनाओं की घोषणा की है। गुरुवार को उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में प्रशासनिक बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कर्णजोड़ा इलाके के तीस्ता मैदान में जनसेवा कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज स्थित दिकनगर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार को औपचारिक प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी तैयारियां और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को साथ लेकर दिकनगर में परियोजना का भूमि पूजन करेंगे।
वहीं, उत्तर बंगाल के प्रमुख शहर सिलीगुड़ी की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने एक पूर्ण विकसित कैंसर अस्पताल बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिलीगुड़ी को किसी भी सूरत में निराश नहीं किया जाएगा और यहां के स्वास्थ्य ढांचे को व्यापक रूप से विकसित किया जाएगा।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, रायगंज के दिकनगर में प्रस्तावित एम्स और सिलीगुड़ी में नए कैंसर अस्पताल समेत उत्तर बंगाल में विभिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए कुल 30 विशेष परियोजनाओं की योजना बनाई गई है।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य उत्तर बंगाल के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम करना है।
बता दे की रायगंज में एम्स स्थापित करने की मांग काफी पुरानी है। एक समय रायगंज में एम्स बनाने की केंद्र की मंजूरी भी मिली थी ,लेकिन जगह की कमी का हवाला देकर उसे राज्य के कल्याणी में स्थापित किया गया था।
