'विकसित भारत के लक्ष्य में बंगाल निभाएगा अहम भूमिका', बोले शुभेंदु अधिकारी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में बंगाल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और इसके लिए राज्य को विकास व नवाचार में आगे बढ़ना होगा।

बंगाल 2047 तक विकसित भारत निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा। (शुभेंदु अधिकारी, फाइल फोटो)
HighLights
बंगाल 2047 तक विकसित भारत निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।
राज्य को विकास और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ना होगा।
शुभेंदु ने पीएम मोदी के युवाओं से संवाद की सराहना की।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में बंगाल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके लिए राज्य को भी विकास और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ना होगा।
आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ शामिल हुए मुख्यमंत्री ने उनके युवाओं से संवाद और नई पीढ़ी को प्रेरित करने के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में शुभेंदु ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस तरह संस्थान के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और उन्हें नए विचारों तथा नवाचार के लिए प्रेरित किया, वह विशेष रूप से उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विकसित भारत का दृष्टिकोण देश के युवाओं को आगे बढ़ने की दिशा देता है।
शुभेंदु ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और उनकी गारंटी पर भरोसा जताते हुए बंगाल की जनता ने राज्य में बदलाव का जनादेश दिया है। अब राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि बंगाल विकसित भारत के लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान दे और एक विकसित बंगाल के निर्माण की दिशा में काम करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खड़गपुर आईआईटी का स्वतंत्रता संग्राम से भी ऐतिहासिक संबंध रहा है। जिस परिसर में आज देश के भविष्य के लिए तकनीकी विशेषज्ञ और नवोन्मेषी तैयार हो रहे हैं, वहां कभी अंग्रेजों का नजरबंदी शिविर था। उन्होंने कहा कि यह संस्थान देश की तकनीकी शिक्षा और शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।