बंगाल: मोबाइल पर गेम खेल रही थी मां, पानी की बाल्टी में डूबने से 14 माह के बच्चे की मौत
बारासात में एक 14 महीने के बच्चे की पानी की बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। मां मोबाइल पर ...और पढ़ें

मां गेम खेलने में व्यस्त थी, बच्चे की बाल्टी में डूबने से मौत (यह तस्वीर AI से बनाई गई है)
HighLights
14 माह का बच्चा बाल्टी में डूबा
मां मोबाइल पर गेम खेलने में व्यस्त थी
बारासात में दुखद घटना से शोक का माहौल
जागरण संवाददाता, बारासात। मोबाइल पर गेम खेलने में मां इतनी व्यस्त थी कि उसे पता ही नहीं चला कि उसका 14 माह का बच्चा कब रसोईघर में रखी पानी से भरी बाल्टी में गिर गया।
पानी में डूबने से बच्चे की मौत हो गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना बारासात के हाटखोला इलाके की है।
मृत बच्चे के माता-पिता की पहचान विप्लव बारुई और श्रेया मंडल के रूप में हुई है। करीब डेढ़ साल पहले दोनों के बीच अलगाव हो गया था।
इसके बाद से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बच्चे के पिता ने आरोप लगाया कि घर में कई लोग मौजूद थे, इसके बावजूद किसी की नजर बच्चे पर नहीं पड़ी। उन्होंने मां पर मोबाइल में फ्री फायर गेम खेलने और कान में हेडफोन लगाए रखने का आरोप लगाया।
वहीं, बच्चे की मां श्रेया का कहना है कि वह उस समय कपड़े तह कर रही थीं। बच्चा आमतौर पर रसोईघर में नहीं जाता था। अचानक वहां पहुंचकर बाल्टी में गिर गया और उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव अंतिम संस्कार के लिए माता-पिता को सौंपा जाएगा। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।