विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: इस्कॉन की संपत्ति पर कब्जे और 15 हजार करोड़ के गबन का मामला, कलकत्ता HC के जज ने सुनवाई से खुद को किया अलग

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:53 PM (IST)

कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति कौशिक चंद ने इस्कॉन बेंगलुरु की संपत्ति पर कब्जे और 15 हजार करोड़ रुपये के कथित गबन मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. न्यायमूर्ति कौशिक चंद ने सुनवाई से खुद को अलग किया।

  2. इस्कॉन बेंगलुरु संपत्ति, 15 हजार करोड़ गबन का आरोप।

  3. मायापुर ने निष्पक्ष पुलिस जांच, फोरेंसिक जांच मांगी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। इस्कॉन की बेंगलुरु शाखा के नियंत्रण और संपत्तियों पर कब्जे को लेकर करीब 15 हजार करोड़ रुपये के कथित गबन के मामले में नया मोड़ तब आया, जब न्यायमूर्ति कौशिक चंद ने प्राथमिकी रद करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया। अब मामले की सुनवाई दूसरे पीठ में होगी।

इस्कॉन मायापुर ने इस मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर निष्पक्ष और विस्तृत पुलिस जांच की मांग की है। संगठन का आरोप है कि बेंगलुरु शाखा का नियंत्रण और उसकी संपत्तियां अपने कब्जे में लेने के उद्देश्य से फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। हिसाब-किताब और आडिट रिपोर्ट में हेराफेरी की गई तथा पुराने दस्तावेजों पर पिछली तारीख डालकर उन्हें तैयार किया गया।

अक्षय पात्र के नियंत्रण पर भी विवाद

इस मामले में मथु पंडित दास, उनके सहयोगी चंचलपति दास, उनके परिवार के सदस्यों और चार्टर्ड अकाउंटेंट वीएल वरदराजन समेत कई लोगों के खिलाफ आपराधिक प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस्कॉन ने बेंगलुरु शाखा की चर्चित समाजसेवी योजना अक्षय पात्र का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश का भी आरोप लगाया है।

संगठन के अनुसार, वर्ष 1971 में मुंबई में इस्कॉन के संस्थापक श्रील प्रभुपाद ने जिस सोसाइटी की स्थापना और पंजीकरण कराया था, वही मूल इस्कॉन सोसाइटी है।

मायापुर समेत देशभर में इसकी 450 से अधिक शाखाएं इसी के अधीन संचालित होती हैं। वहीं, बेंगलुरु में 1978 में एक अलग सोसाइटी का पंजीकरण कराया गया था। बाद में दोनों के बीच संगठनात्मक और संपत्ति को लेकर विवाद शुरू हुआ।

सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे का हवाला

मामले में जनवरी 2026 में सुप्रीम कोर्ट में चार्टर्ड अकाउंटेंट वीएल वरदराजन की ओर से दाखिल हलफनामे को भी महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। इस्कॉन का दावा है कि हलफनामे में वरदराजन ने स्वीकार किया था कि मथु पंडित दास के निर्देश पर उन्होंने बेंगलुरु शाखा की आडिट रिपोर्ट, लेखा विवरण और ऐतिहासिक दस्तावेजों में हेराफेरी की थी।

कुछ दस्तावेजों में पिछली तारीख भी दर्ज की गई थी। इस्कॉन का कहना है कि कलकत्ता हाई कोर्ट में चल रहा आपराधिक मामला और मूल मुंबई सोसाइटी तथा बेंगलुरु में पंजीकृत सोसाइटी के बीच चल रहा दीवानी विवाद अलग-अलग हैं।

दीवानी विवाद फिलहाल सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ के समक्ष पुनर्विचार याचिका के तहत लंबित है। इस्कॉन मायापुर की ओर से दयाराम दास ने कहा कि प्राथमिकी के आधार पर पुलिस निष्पक्ष और पूरी जांच करे। साथ ही सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों की फोरेंसिक जांच कराई जाए, ताकि आरोपों की सत्यता सामने आ सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।