बंगाल सरकार की गलत नीतियों के कारण किसानों को नुकसान, नहीं मिल रहा न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ : दिलीप घोष
बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि ममता सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य के किसानों को नुकसान हो रहा है और उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ नहीं मिल रहा है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि ममता सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य के किसानों को नुकसान हो रहा है और उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने कुछ फसलों के एमएसपी में लगभग 1.5 गुना की वृद्धि की है, लेकिन तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य के किसानों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है और उन्हें मजबूरी में बिचौलियों के हाथों औने-पौने दामों में अपने फसल की बिक्री करनी पड़ रही है।
भारतीय किसान मोर्चा की यहां आयोजित एक बैठक में बोलते हुए घोष ने कहा कि बंगाल की कृषि नीति टीएमसी के पार्टी कार्यकर्ताओं के हितों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया में किसान नहीं बल्कि बिचौलिए लाभ उठा रहे हैं। घोष ने कहा कि केंद्र ने किसानों को सही दाम दिलाने के मकसद से खाद के दाम कम किए हैं।उन्होंने कहा कि मोदी सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय को दोगुना करने की कोशिश कर रही हैं।
प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा ने चार पदाधिकारियों की नियुक्ति की
इधर, भाजपा किसान मोर्चा के बंगाल इकाई के अध्यक्ष महादेव सरकार ने शुक्रवार को चार राज्य पदाधिकारियों की नियुक्ति की। इसमें आलोक सरकार व अरूप चौधरी को मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नवीन मांजी एवं मिथुन राय को सचिव बनाया गया है।