बंगाल: वसूली के आरोप में रानाघाट की भाजपा नेता गिरफ्तार, सीएम शुभेंदु का नाम लेकर रुपये मांगने का आरोप
रानाघाट में भाजपा नेत्री पियाली विश्वास को मुख्यमंत्री के नाम पर कारोबारियों से कथित वसूली और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
भाजपा नेत्री पियाली विश्वास रानाघाट में गिरफ्तार हुईं।
मुख्यमंत्री के नाम पर वसूली, धमकी का आरोप।
नेत्री ने आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का नाम लेकर रानाघाट के कारोबारियों से कथित तौर पर रुपये वसूलने और रकम नहीं देने पर कारोबार बंद कराने की धमकी देने के आरोप में भाजपा की स्थानीय नेत्री पियाली विश्वास को गिरफ्तार किया गया है।
नदिया दक्षिण सांगठनिक जिला भाजपा की सदस्य बताई जा रही पियाली पर मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप भी लगे हैं। गुरुवार को उन्हें रानाघाट अदालत में पेश किया गया। हालांकि, गिरफ्तार नेत्री ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है। रानाघाट के भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार भी उनके समर्थन में उतर आए हैं।
जुए के अड्डे पर छापेमारी के बाद बढ़ा विवाद
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पियाली फोन कर रानाघाट के कई कारोबारियों से रुपये मांग रही थीं। मांग पूरी नहीं करने पर कारोबार बंद कराने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। आरोप है कि गुरुवार रात वह अपने समर्थकों के साथ एक स्थान पर पहुंचीं और वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच कर पियाली को गिरफ्तार किया। दूसरी ओर, पियाली का दावा है कि जिन लोगों को कारोबारी बताया जा रहा है, वे वास्तव में जुआ-सट्टा चलाते हैं। वह तृणमूल नेता आनंद दे के संरक्षण में जुए का अड्डा चलाए जाने का आरोप लगाते हुए वहां कार्रवाई करने पहुंची थीं। उनका कहना है कि इसी वजह से उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है। घटना के दौरान उन्होंने फेसबुक लाइव भी किया था।
सांसद ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश
रानाघाट के भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर पियाली का समर्थन किया है। उन्होंने वसूली के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि लाइव वीडियो में जुए-सट्टे के अड्डे के खिलाफ कार्रवाई का दृश्य मौजूद है। सांसद का दावा है कि सरकार बदलने के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर ऐसे अड्डों को बंद कराने के लिए पियाली और उनके साथी वहां पहुंचे थे।
उनके अनुसार, जुआ चलाने वालों ने स्थानीय महिलाओं को बुलाकर उन पर हमला कराया। सांसद ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के इशारे पर पियाली को झूठे मामले में फंसाया गया है। उन्होंने इसके पीछे शामिल लोगों को जवाबदेह ठहराने की चेतावनी भी दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।