Bengal visiting Amit Shah: डिजिटल कैंपेन के लिए अमित शाह ने बंगाल में लांच किया मोदीपारा ऐप
BJP Parivartan Yatra गृह मंत्री अमित शाह ने कहा भाजपा बंगाल में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने तक आराम नहीं करेगी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप से पांचवीं परिवर्तन यात्रा को रवाना करने वाले थे पर किन्हीं अपरिहार्य कारणों से ये टल गया है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि बंगाल में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने से पहले भाजपा आराम नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यह ‘लड़ाई’ केवल ममता बनर्जी को बंगाल की सत्ता से हटाने की नहीं है बल्कि राज्य को ‘सोनार बांग्ला’ बनाने की है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप से पांचवीं परिवर्तन यात्रा को रवाना करने वाले थे पर किन्हीं अपरिहार्य कारणों से ये टल गया है। भाजपा ने राज्य की सभी 294 विधानसभाओं में परिवर्तन यात्रा निकालने की घोषणा की है। असम, तमिलनाडु, केरल, पुदुचेरी के साथ पश्चिम बंगाल में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं।
कोलकाता में भाजपा के ‘इंटरनेट मीडिया योद्धाओं’ को संबोधित करते हुए शाह ने कहा था कि हम बंगाल में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने तक आराम नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्येक मतदाता स्वतंत्र होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करे।
भगवा पार्टी के चाणक्य माने जाने वाले शाह ने कहा कि बंगाल की चुनावी जीत से ओडिशा, तेलंगाना और अन्य राज्यों में पार्टी के लिए रास्ता बनेगा जहां पर भाजपा सत्ता में नहीं है। उन्होंने भाजपा की इंटरनेट मीडिया टीम को बंगाल की 10 करोड़ की आबादी में से दो करोड़ आबादी तक पार्टी के संदेशों एवं केंद्र की उपलब्धियों को पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही बंगाल चुनाव के मद्देनजर डिजिटल कैंपेन के लिए शाह ने 'मोदीपारा' ऐप भी लांच किया। राज्य में अप्रैल-मई में चुनाव होने हैं।