बंगाल: एंबुलेंस में दो राज्यों के नंबर प्लेट लगाकर शराब तस्करी, बिहार के दो गिरफ्तार
सिलीगुड़ी में आबकारी विभाग ने एंबुलेंस से शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। तस्कर बिहार और बंगाल के लिए अलग-अलग नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे।

HighLights
एंबुलेंस से बिहार-बंगाल में शराब तस्करी का खुलासा।
अलग-अलग नंबर प्लेट लगाकर तस्कर करते थे हेराफेरी।
13.57 लाख की शराब जब्त, बिहार के दो गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। बिहार और बंगाल के लिए अलग-अलग नंबर प्लेट लगाकर एंबुलेंस से शराब तस्करी का खेल चल रहा था। तस्कर जिस राज्य से गुजरते, एंबुलेंस पर उसी राज्य का नंबर प्लेट लगा लेते थे, ताकि किसी को उनकी गतिविधियों पर शक न हो।
शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की भक्तिनगर सर्किल और एनजेपी आबकारी स्टेशन की संयुक्त टीम ने बंगाल सफारी के पास ऐसी ही एक एंबुलेंस को रोककर सिक्किम निर्मित करीब 13.57 लाख रुपये की शराब जब्त की। मामले में एंबुलेंस सवार बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के निवासी राकेश कुमार और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
आबकारी विभाग के सूत्रों की माने तो एंबुलेंस में मरीज ले जाने वाले हिस्से के फर्श के नीचे और चालक के केबिन के पीछे विशेष रूप से गुप्त जगह बनाई गई थी। इन्हीं गुप्त तहखानों में शराब छिपाकर रखी गई थी।
सिक्किम निर्मित बिना शुल्क चुकाई गई शराब रंगपो से बिहार ले जाई जा रही थी। तस्करी की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर दो अलग-अलग स्थानों पर आबकारी विभाग की टीम तैनात की गई थी। तेज गति से आ रही डब्ल्यूबी 51ए 6206 नंबर की एंबुलेंस को बंगाल सफारी के पास रोक लिया गया।
तलाशी के दौरान एंबुलेंस से करीब 495 लीटर सिक्किम निर्मित विदेशी शराब और 240 लीटर बीयर बरामद की गई। इसके अलावा एंबुलेंस के अंदर से बीआर 01 पीएल 2048 नंबर का दूसरा नंबर प्लेट भी मिला। आबकारी अधिकारियों के अनुसार तस्कर बंगाल से बिहार में प्रवेश करने के बाद एंबुलेंस का बंगाल नंबर प्लेट हटाकर बिहार का नंबर प्लेट लगा देते थे, जिससे रास्ते में जांच से बच सकें। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को शुक्रवार को जलपाईगुड़ी कोर्ट में पेश किया गया।
पहले भी एंबुलेंस से शराब तस्करी का मामला
उल्लेखनीय है कि गत 11 नवंबर को नक्सलबाड़ी आबकारी विभाग की टीम ने फूलबाड़ी-घोषपुकुर बाइपास पर बिहार नंबर की एक एंबुलेंस से करीब 981 लीटर सिक्किम निर्मित बिना शुल्क चुकाई गई शराब जब्त की थी। हालांकि, उस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। अब एक बार फिर एंबुलेंस को तस्करी के वाहन के रूप में इस्तेमाल किए जाने से जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।