बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर सिस्टम सक्रिय, 15 नवंबर तक डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है, जिसके 15 नवंबर तक गहरे निम्न दबाव में बदलने ...और पढ़ें

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव 15 नवंबर तक गहरा होगा। (फोटो- AI जेनरेटेड)
HighLights
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव 15 नवंबर तक गहरा होगा।
चक्रवात में बदलने का फिलहाल कोई पूर्वानुमान नहीं है।
कोलकाता में भारी बारिश या तूफान का असर नहीं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। सर्दी की आहट के बीच बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर मौसमी हलचल तेज हो गई है। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में शुक्रवार सुबह निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार, इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 14 नवंबर तक स्पष्ट निम्न दबाव तथा 15 नवंबर तक गहरे निम्न दबाव में बदलने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल इसके चक्रवात में तब्दील होने का कोई पूर्वानुमान नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य अंडमान सागर और आसपास के अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से यह निम्न दबाव विकसित हुआ है। इसके प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक बंगाल की खाड़ी के विभिन्न हिस्सों में समुद्र की स्थिति खराब रहने और तेज हवाएं चलने की आशंका है।
समुद्र में तेज हवाओं का अलर्ट
आइएमडी ने 13 और 14 नवंबर को अंडमान सागर में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान जताया है। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में 13 से 16 नवंबर तक इसी तरह की स्थिति रह सकती है।
वहीं, 15 से 17 नवंबर के दौरान दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और 16-17 नवंबर को मध्य बंगाल की खाड़ी में हवा की गति 55 किलोमीटर तथा झोंकों की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग ने समुद्र में सक्रिय रहने वाले मछुआरों और जहाजों से जुड़े लोगों को सतर्क रहने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। निम्न दबाव के गहरे होने से समुद्र की स्थिति और प्रतिकूल हो सकती है।
कोलकाता में अगले सात दिन राहत
दूसरी ओर, निम्न दबाव का फिलहाल कोलकाता और आसपास के इलाकों में भारी बारिश या तूफान के रूप में असर पड़ने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले सात दिनों तक महानगर और आसपास के क्षेत्रों में आसमान आंशिक से लेकर सामान्य रूप से बादलों से घिरा रह सकता है।
अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इस दौरान उत्तरी हवाओं का प्रभाव भी धीरे-धीरे बढ़ सकता है, जिससे मौसम में ठंडक का अहसास बढ़ेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।