विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अर्णब, मुरासु के बाद अब चक्रवात 'अकवान', एक महीने में बंगाल की खाड़ी में उठा तीसरा तूफान

By Vishal ShresthaEdited By: Shubham Tiwari
Published: Sat, 14 Nov 2026 07:00 PM (IST)

बंगाल की खाड़ी में 'अर्णब' और 'मुरासु' के बाद अब तीसरा चक्रवात 'अकवान' बनने की आशंका है, जिससे कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में बारिश हो सकती है।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवातों की हैट्रिक (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

बंगाल की खाड़ी में चक्रवातों की हैट्रिक (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

HighLights

  1. बंगाल की खाड़ी में तीसरा चक्रवात 'अकवान' बनने की आशंका।

  2. कोलकाता और दक्षिण बंगाल में अगले सप्ताह बारिश के आसार।

  3. समुद्री सतह का गर्म तापमान चक्रवातों का मुख्य कारण।

विशाल श्रेष्ठ, कोलकाता । बंगाल की खाड़ी से एक के बाद एक उठ रहे चक्रवात ने सबका ध्यान खींचा है। मौसम विज्ञानी इसपर पैनी नजर रख रहे हैं। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में 'अर्णब' और नवंबर की शुरुआत में 'मुरासु' के बाद अब एक महीने के भीतर तीसरे चक्रवात 'अकवान' के विकसित होने की आशंका है। अर्णब' व 'मुरासु' के बीच महज छह दिनों का अंतर रहा था।

कोलकाता स्थित अलीपुर मौसम कार्यालय के अनुसार, शुक्रवार सुबह बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ेगा। इसके 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवात ‘अकवान’ का रूप लेने के आसार हैं। इसके प्रभाव से अगले सप्ताह कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश हो सकती है।

मौसमविद् गणेश कुमार दास के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती मौसम में तीन तूफानों का बनना असामान्य नहीं है। 2023 में अक्टूबर-दिसंबर के दौरान हमून, मिधिली और मिचौंग नामक तीन चक्रवात बने थे।

हालांकि, उनके बीच पर्याप्त समयांतर था। इस वर्ष तीन तूफानों के बीच का समय कम होना चौंका रहा है। 13 साल पहले ऐसी स्थिति बनी थी, जब ‘हेलेन’ और ‘लेहर’ महज छह दिनों के अंतराल पर आंध्र प्रदेश के तट से टकराए थे।

समुद्री सतह का तापमान लगातार 27 डिग्री के पार

दास ने बताया कि समुद्री सतह का असामान्य रूप से गर्म होना चक्रवात का प्रमुख कारण है। वायुमंडल में पर्याप्त नमी, ऊंचाई के साथ हवा की गति और दिशा में कम अंतर तथा अनुकूल ऊपरी वायुमंडलीय परिस्थितियां भी चक्रवात बनने में मददगार हैं। अभी बंगाल की खाड़ी में कमोबेश हर जगह समुद्री सतह का तापमान लगातार 28-29 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है।

चक्रवात की उत्पत्ति के लिए समुद्री सतह का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री अनुकूल माना जाता है। अन्य कारक भी चक्रवात का समर्थन कर रहे हैं। चक्रवात लगातार मूव करते हैं इसलिए उनसे होने वाली भारी वर्षा से भी स्थान विशेष का तापमान अधिक कम नहीं हो पाता, इसलिए वहां से दूसरे चक्रवात के उठने की आशंका बनी रहती है।

बंगाल की खाड़ी में अरब सागर की तुलना में तीन से चार गुना अधिक चक्रवाती गतिविधियां दर्ज की जाती हैं। इसके पीछे समुद्र की भौगोलिक बनावट, गर्म जल, नमी की उपलब्धता और वायुमंडलीय परिस्थितियों की भी अहम भूमिका है।

खाड़ी में बड़ी मात्रा में नदियों का मीठा पानी पहुंचता है, जिससे समुद्र की ऊपरी परतों में लवणता और तापमान का वितरण प्रभावित होता है। कई परिस्थितियों में ऊपरी परत के नीचे मौजूद गर्म पानी भी चक्रवात को लगातार ऊर्जा उपलब्ध कराता रहता है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।