बरानगर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, दिल्ली से एक आरोपी गिरफ्तार; सीसीटीवी फुटेज से हुई थी पहचान
बरानगर के लेकपल्ली में अंजलि साव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दिल्ली से एक अभियुक्त ...और पढ़ें

बरानगर हत्याकांड का एक आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
HighLights
दिल्ली से बरानगर हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल ट्रैकिंग से हुई आरोपी की पहचान
पुलिस पबजी गेम कनेक्शन और अन्य संलिप्तता की जांच कर रही
जागरण संवाददाता, बैरकपुर। बरानगर के लेकपल्ली में 26 वर्षीय युवती अंजलि साव की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बरानगर थाना पुलिस ने जांच के बाद दिल्ली से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान की थी। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल फोन की पड़ताल करते हुए पुलिस उस तक पहुंचने में सफल रही।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका का मोबाइल फोन संभवतः गिरफ्तार अभियुक्त के पास से बरामद हुआ है। माना जा रहा है कि मोबाइल फोन को ट्रेस करने के बाद ही पुलिस को अभियुक्त तक पहुंचने में मदद मिली।
फिलहाल जांच की गोपनीयता बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों ने गिरफ्तार आरोपित की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। मामले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि इस हत्याकांड में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। मृतका के पिता ने पहले पबजी गेम खेलने के दौरान अनजान लोगों से संपर्क होने और उनमें से कुछ के साथ उसकी पहचान बनने की आशंका जताई थी।
परिवार ने आनलाइन गेम के जरिए बने संपर्कों की भूमिका पर भी संदेह व्यक्त किया था। पुलिस इस पहलू को भी जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही है। इसके अलावा हत्या के पीछे की वजह और घटना में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता का पता लगाने के लिए गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जाएगी। उससे पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।