विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पार्षद बनमाली घोष की संपत्ति पर बैंक ने किया कब्जा, 3 करोड़ रुपये का बैंक लोन न चुकाने पर कार्रवाई

Published: Sun, 06 Sep 2026 06:49 PM (GMT+05:30)

बैंक ने बीरभूम के दुबराजपुर में पूर्व तृणमूल पार्षद बनमाली घोष की संपत्ति पर तीन करोड़ रुपये का कर्ज न चुकाने के आरोप में कब्जा कर लिया।

तीन करोड़ के कर्ज विवाद में पूर्व तृणमूल पार्षद की संपत्ति पर बैंक का कब्जा

तीन करोड़ के कर्ज विवाद में पूर्व तृणमूल पार्षद की संपत्ति पर बैंक का कब्जा

HighLights

  1. पूर्व तृणमूल पार्षद बनमाली घोष की संपत्ति जब्त।

  2. बैंक ने तीन करोड़ रुपये के कर्ज के लिए कार्रवाई की।

  3. घोष ने अदालत में चुनौती दी, सुनवाई से पहले कब्जा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बैंक का करीब तीन करोड़ रुपये का कर्ज नहीं चुकाने पर बीरभूम की दुबराजपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर एक के पूर्व तृणमूल कांग्रेस पार्षद बनमाली घोष की संपत्ति पर शनिवार को बैंक ने कब्जा ले लिया।

दुबराजपुर के रंजनबाजार इलाके में पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में निजी बैंक के अधिकारियों तथा वकीलों ने घर और जमीन का दखल लिया। कार्रवाई के दौरान घर का सामान भी बाहर निकाल दिया गया। घटना को लेकर इलाके में हलचल है।

बनमाली घोष ने वर्ष 2023 में बैंक से करीब तीन करोड़ रुपये का कर्ज लेने की बात स्वीकार की है, लेकिन उन्होंने ऋण चुकाने में लापरवाही के आरोप से इन्कार किया है। उनका दावा है कि कर्ज की प्रक्रिया सीधे बैंक के बजाय एक मध्यस्थ के माध्यम से हुई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि करीब तीन करोड़ रुपये का कर्ज दिखाए जाने के बावजूद उनसे 40 लाख रुपये चेक के जरिए लिए गए। पूर्व पार्षद के अनुसार, उन्होंने पिछले दो वर्षों से कर्ज की किश्तें भी नियमित रूप से चुकाई हैं।

बनमाली घोष ने कहा कि इस मामले में उन्होंने पहले ही अदालत का दरवाजा खटखटाया है। मामले की अगली सुनवाई 28 सितंबर को होनी है। लेकिन सुनवाई से पहले ही घर का कब्जा ले लिया गया। वहीं, बैंक की ओर से इस कार्रवाई या पूर्व पार्षद के आरोपों पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।