बांग्लादेश में हिंसा और आगजनी से सहमे नागरिक, इलाज और कारोबार बीच में छोड़ भारत से घर वापसी हुई तेज
बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा और आगजनी के कारण भारत आए नागरिक अपने परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, जिससे उनकी घर वापसी तेज हो गई है।

बांग्लादेश में हिंसा से सहमे नागरिकों की भारत से घर वापसी हुई तेज। (फोटो-रॉयटर्स)
HighLights
बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा, आगजनी से नागरिक चिंतित।
भारत से बांग्लादेशी नागरिकों की घर वापसी में तेजी।
इलाज, कारोबार छोड़कर परिवार संग रहने की बेचैनी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा और आगजनी की घटनाओं के बीच भारत आए वहां के नागरिकों की घर वापसी तेज हो गई है। इलाज, कारोबार और दूसरे कामों से कोलकाता सहित देश के विभिन्न हिस्सों में आए बांग्लादेशी नागरिक अब अपने परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
उत्तर 24 परगना के घोजाडांगा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गुरुवार को करीब 300 बांग्लादेशी नागरिक भारत से अपने देश लौटे, जबकि बांग्लादेश से करीब 205 लोग भारत पहुंचे।
सीमा पर आवाजाही के ये आंकड़े दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बीच लोगों की चिंता और अनिश्चितता को दर्शाते हैं। सीमा से लौट रहे लोगों का कहना है कि बांग्लादेश में राजनीतिक संघर्ष, आगजनी, हमले और तोड़फोड़ की खबरों के कारण उनके परिवार के सदस्य असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
कई लोगों के घरों में बुजुर्ग और अन्य परिजन अकेले हैं। ऐसे में वे भारत में इलाज या दूसरे जरूरी काम पूरे होने का इंतजार किए बिना वापस लौटना चाहते हैं, ताकि अपने परिवार के साथ रह सकें। कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके के होटलों में भी बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या घटने की बात सामने आई है।
यहां इलाज कराने आए मरीजों, उनके स्वजनों और पर्यटकों के बीच भी घर लौटने की बेचैनी है। हालांकि, कुछ लोग बांग्लादेश के मौजूदा हालात से बचने के लिए भारत का रुख भी कर रहे हैं।
पेट्रापोल और गेदे सीमा पर भी आवाजाही प्रभावित
घोजाडांगा के अलावा पेट्रापोल और नदिया के गेदे सीमा पर भी भारत-बांग्लादेश के बीच आवाजाही में बदलाव देखा गया है। बांग्लादेश में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी की मांग को लेकर उनके समर्थकों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान कई इलाकों में हिंसा और आगजनी की घटनाएं हुईं।