विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'चिन्मय कृष्ण दास को रिहा करे बांग्लादेश', शमिक भट्टाचार्य की मांग; हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का उठाया मुद्दा

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:27 PM (IST)

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने बांग्लादेश में इस्कॉन संन्यासी चिन्मय कृष्ण दास की रिहाई और हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया।

शमिक भट्टाचार्य ने चिन्मय कृष्ण दास की रिहाई की मांग (फाइल फोटो)

शमिक भट्टाचार्य ने चिन्मय कृष्ण दास की रिहाई की मांग (फाइल फोटो)

HighLights

  1. शमिक भट्टाचार्य ने चिन्मय कृष्ण दास की रिहाई मांगी।

  2. बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर चिंता जताई।

  3. चिन्मय प्रभु की तुलना श्रीचैतन्य महाप्रभु से की।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और इस्कॉन के संन्यासी चिन्मय कृष्ण दास की रिहाई का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने चिन्मय प्रभु की रिहाई की मांग करते हुए उनकी तुलना श्रीचैतन्य महाप्रभु से की है।

शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि चिन्मय प्रभु लंबे समय से जेल में बंद हैं और वह जिस तरह से श्रीचैतन्य महाप्रभु के विचारों और कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं, उसे नकारना वास्तव में चैतन्य महाप्रभु को नकारने जैसा है। उन्होंने संन्यासी की जल्द रिहाई की इच्छा जताई।

शमिक ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि राजनीतिक सत्ता परिवर्तन के बावजूद उनकी हालत में विशेष सुधार नहीं हुआ है। वहां घोष, बोस, मित्र, चकमा और मतुआ समुदाय के लोग भी संकट में हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ये सभी हमारे अपने हैं। वहां धार्मिक गतिविधियों पर संकट, मंदिरों में तोड़फोड़ और हिंदुओं पर हमले की घटनाएं बंद होनी चाहिए।

चिन्मय प्रभु की गिरफ्तारी और कानूनी प्रक्रिया पर चिंता

बांग्लादेश में 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद चिन्मय कृष्ण दास को देशद्रोह के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

वह करीब ढाई वर्षों से जेल में बंद हैं। उनकी कानूनी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने और हाल में एक जेल से दूसरी जेल में स्थानांतरित किए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। शमिक ने उनकी रिहाई की मांग को इसी व्यापक संदर्भ में उठाया है।

बांग्लादेश की स्थिति को बताया अंतरराष्ट्रीय मामला

बांग्लादेश की मौजूदा राजनीतिक और हिंसक स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए शमिक ने इसे अंतरराष्ट्रीय मामला बताया। उन्होंने कहा कि वहां अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए और धार्मिक स्थलों पर हमले तत्काल बंद होने चाहिए।

शमिक भट्टाचार्य के बयान से स्पष्ट है कि भाजपा बंगाल में बांग्लादेश के हिंदुओं की सुरक्षा और चिन्मय प्रभु की रिहाई के मुद्दे को राजनीतिक और कूटनीतिक विमर्श में प्रमुखता से उठाना चाहती है।

यह भी पढ़ें- 'भारत हम पर शर्तें नहीं थोप सकता', शेख हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश का बड़ा बयान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।